कानपुर सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए अब शिवम मिश्रा का नाम FIR में जोड़ दिया है. पुलिस अधिकारी ने साफ कहा है कि हादसे के समय पर शिवम ही लेम्बोर्गिनी कार को चला रहा था. पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है.
FIR में दर्ज शिवम मिश्रा का नाम
उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए सड़क हादसे में अब पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने कानपुर के वीआईपी रोड पर हुए हाई-प्रोफाइल सड़क हादसे की जांच के बाद अब FIR में शिवम मिश्रा का नाम जोड़ दिया है. इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने कहा है कि इस हादसे के समय लेम्बोर्गिनी कार को शिवम मिश्रा ही चला रहा था. पुलिस अधिकारी ने कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल यह पूरा मामला रविवार की दोपहर लगभग 3:15 बजे ग्वालटोली थाने के रेव-3 वीआईपी रोड का है. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक एक दिल्ली नंबर की काली लेम्बोर्गिनी कार अचानक से बेकाबू हो गई. जिसके बाद तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी ने सड़क के किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक बुलेट सवार सहित 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
उछलकर दूर गिरा बाइक सवार
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट सवार व्यक्ति उचलकर दूर जाकर गिरा और कार का पहिया बाइक के ऊपर चढ़ गया. इस हादसे में घायल होने वाले लोगों में सोनू त्रिपाठी, विशाल और तौफीक नाम के व्यक्ति शामिल हैं. बताया जा रहा है कि वे लोग सड़क किनारे खड़े थे, जिससे तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए. इस हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा होने लगी.
हादसे के बाद ले गए बाउंसर
ऐसा आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर शिवम मिश्रा के साथ चलने वाले बाउंसरों ने उसे कार से बाहर निकालकर उसे दूसरी कार में बिठाया और फरार हो गए. जिसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और कार को कब्जे में ले लिया. इस मामले की वीडियो के वायरल होने के बाद में पुलिस के ऊपर काफी दबाव बना है. इसी के चलते अब शिवम मिश्रा का नाम FIR में दर्ज किया गया है. फिलहाल अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.
यह भी पढ़ें- वाराणसी दालमंडी में बुलडोजर कार्रवाई, विरोध में शख्स ने खुद पर भी पेट्रोल छिड़का, मचा हड़कंप
