उत्तराखंड शासन ने एक बार फिर तबादला की लिस्ट जारी की है. इसको लेकर काफी समय से पहले से ही चर्चा चल रही थी, लेकिन अब जाकर कुछ IAS अधिकारियों के अलावा PCS अधिकारी और सचिवालय सेवा के अफसरों की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है.
Uttarakhand IAS and PCS Transfer: उत्तराखंड में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है. उनके साथ ही सचिवालय सेवा के अधिकारियों के भी ट्रांसफर हुए हैं. तबादले की लिस्ट में 6 IAS और 3 PCS अधिकारियों के नाम हैं. आईएएस संजय कुमार से निदेशक सेवायोजन का प्रभार वापस लिया गया है.

उत्तराखंड में आईएएस (IAS) और पीसीएस (PCS) अधिकारियों के अलावा सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है. हालांकि, काफी दिनों से तबादला सूची जारी होने की खबर सामने आ रही थी. ऐसे में अब राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी के अलावा अन्य जिम्मेदारियों पर भी बदलाव से जुड़ा आदेश जारी किया है.
रुद्रप्रयाग DM प्रतीक जैन हटाए गए
सूची में सबसे खास नाम प्रतीक जैन का रहा है, जो कि रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी हाल ही में बनाए गए थे, लेकिन कुछ ही समय में उन्हें इस पद से हटाया गया है. उन्हें अब प्रबंध निदेशक गढ़वाल मंडल विकास निगम के अलावा मिशन निदेशक जल जीवन मिशन की जिम्मेदारी दी गई है. उनकी जगह 2018 बैच के ही विशाल मिश्रा को रुद्रप्रयाग जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है.
जारी हुई तबादला सूची के अनुसार, IAS अधिकारी संजय कुमार से निदेशक सेवायोजन की जिम्मेदारी वापस ली गई है. PCS अधिकारी गिरधारी सिंह रावत को अब अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण के अलावा निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और निदेशक उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद की भी जिम्मेदारी दी गई है. सचिवालय सेवा के सुरेश जोशी को अपर सचिव जनगणना की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है.
इसी तरह 2016 बैच के IAS अधिकारी सौरभ गहरवार को अपर सचिव उद्योग और निर्देशक राजकीय मुद्रणालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. लिस्ट में 2016 बैच के नरेंद्र सिंह भंडारी को अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद के साथ ही निर्देशक सेवा आयोजन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. साल 2017 बैच के विनोद गिरि गोस्वामी को भी अपर सचिव आवास, मुख्य कार्यपालक अधिकारी भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है.
कविंद्र सिंह को अपर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी
उधर, सचिवालय सेवा के कविंद्र सिंह को अपर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है. त्रिलोक सिंह मार्तोलिया को प्रबंध निदेशक शुगर मिल किच्छा का अतिरिक्त प्रभार मिला है. अब्ज प्रसाद वाजपेयी को सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी की जिम्मेदारी मिली है. इससे हटकर पीसीएस अधिकारी कमलेश मेहता को टिहरी गढ़वाल के डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात किया गया है.
रुद्रप्रयाग के नए डीएम विशाल मिश्रा
उत्तराखंड कैडर के साल 2018 बैच के आईएएस अधिकारी विशाल मिश्रा को रुद्रप्रयाग जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे प्रबंध निदेशक जीएमवीएन, मिशन निदेशक जल जीवन मिशन, परियोजना निदेशक नमामि गंगे और परियोजना निदेशक केएफडब्ल्यू परियोजना के पदों पर कार्यरत थे.
यह भी पढ़ें- शाहिद-तृप्ति की ‘ओ रोमियो’ पर सेंसर की कैंची, मिला A सर्टिफिकेट; कबीर सिंह के बाद फिर दिखेगा शाहिद का खूंखार अवतार
