दिल्ली के रणहोला इलाके में MCD स्कूल के गार्ड रूम में स्कूल के वॉचमैन की जलकर मौत हो गई. पुलिस मामले में जांच कर रही है और आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगा रही है.
स्कूल के वॉचमैन की मौत
राजधानी दिल्ली के रणहोला इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. रणहोला इलाके में मंगलवार को MCD के प्राइमरी स्कूल में वॉचमैन की जलकर मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक वॉचमैन की मौत स्कूल के गार्ड रूम के अंदर जलकर हुई है. गार्ड रूम में हुई इस घटना में मरने वाले व्यक्ति की पहचान 58 साल के नरेश कुमार के रूप में की गई है. नरेश कुमार हरियाणा के रोहतक के रहने वाले थे.
हरियाणा का रहने वाला था व्यक्ति
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक हरियाणा का रहने वाला था और दिल्ली नगर निगम (MCD) में काम करता था और वह स्कूल में वॉचमैन के तौर पर तैनात था. इस हादसे के बाद डिप्टी कमिश्नर सचिन शर्मा ने जानकारी दी कि व्यक्ति को साल 2027 में रिटायर होना था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कूल के स्टाफ ने सुबह लगभग 7.45 बजे इस घटना की जानकारी पुलिस को दी.
गार्ड रूम में रुकता था व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक नरेश कुमार की ड्यूटी दोपहर के 1 बजे से शुरू होती थी. जब नरेश की ड्यूटी नहीं होती थी, तब वह स्कूल के गार्ड रूम में रहता था. पुलिस ने इस मामले में बताया कि व्यक्ति का शव बुरी तरह से जला हुआ मिला है. पुलिस का कहना है कि आग सिर्फ गार्ड रूम में ही लगी थी. फिलहाल आग लगने के पीछे के सटीक कारणों का पता अभी तक नहीं लग पाया है.
गार्ड रूम में मिला जला हुआ शव
बताया जा रहा है कि दिल्ली फायर सर्विसेज (DFS) को सुबह लगभग 8 बजे स्कूल में आग लगने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया. अधिकारी ने बताया कि टीम जब-तक मौके पर पहुंची आग तक बुझ चुकी थी. जिसके बाद में जब कैंपस की जांच हुई गार्ड रूम के अंदर एक जला हुआ शव मिला था. इस घटना के बाद में क्राइम टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- अंडमान में टला बड़ा हादसा! पवन हंस हेलिकॉप्टर ने की इमरजेंसी लैंडिंग, हेलिकॉप्टर में सवार थे 7 लोग
