Varanasi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षा और निजता को लेकर एक बेहद सख्त और ऐतिहासिक कदम उठाया है. सीएम योगी ने प्रदेश के सभी जिमों में महिला ट्रेनर का होना अनिवार्य कर दिया है.
UP News: सीएम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिम की जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि हर जिम में महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए. उन्होंने साफ किया कि प्रदेश के सभी जिमों की पूरी जांच की जाए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वहां कोई भी नियम के खिलाफ काम नहीं हो रहा है. यह निर्देश मिर्जापुर में जिम के माध्यम से धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले के सामने आने के बाद दिया गया.
पढ़िए और क्या दिए सीएम ने निर्देश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के साथ-साथ ऐसे मामलों में लिप्त पुलिसकर्मियों पर भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
सड़क सुरक्षा को लेकर भी बोले सीएम योगी
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया. उन्होंने नियमित सड़क सुरक्षा बैठकें आयोजित करने और अधिक से अधिक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए. इसके साथ ही तेज आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर रोक लगाने तथा सड़कों पर अतिक्रमण कर वाहनों की पार्किंग न होने देने के निर्देश भी दिए गए. स्कूली बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया.
शराब के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी के निर्देश
बताया जा रहा हैं कि होली और आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए. उन्होंने कहा कि जहरीली शराब और अवैध शराब बिक्री किसी भी स्थिति में न होने पाए. शराब के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए.
राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने लंबित वादों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा. अविवादित वरासत से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने तथा अधिकारियों को नियमित जनसुनवाई कर शिकायतों का मेरिट के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में कौन कौन रहे शामिल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया, जबकि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्माणाधीन विकास कार्यों की जानकारी दी. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और एडीजी जोन पियूष मोर्डिया ने कानून व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण एवं आगामी पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारियों से अवगत कराया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने सिगरा स्थित फल मंडी रोड का औचक निरीक्षण कर सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर PCB ने लगाया जुर्माना, हर खिलाड़ी से वसूले जाएंगे 50 लाख, भारत से मिली हार के बाद लिया एक्शन
