कौशांबी: कौशांबी में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सभी आठ मृतको का रात में ही पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम शवों को लेकर फतेहपुर जिले के कुरोली गांव के लिए रवाना हो गई. यह हादसा उस समय हुआ था, जब पिकअप गाड़ी में सवार लोग प्रयागराज से मुंडन कार्यक्रम कर अपने गांव लौट रहे थे. हादसा सैनी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर अटसराय गांव के पास हुआ था.
मुंडन कराकर लौट रहे थे लोग
कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुए इस भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. प्रयागराज से मुंडन संस्कार कर लौट रहे लोगों की पिकअप गाड़ी अटसराय गांव के पास हादसे का शिकार हो गई. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
रात को हुआ मृतकों का पोस्टमार्टम
शुक्रवार देर रात सभी आठ मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में शवों को एंबुलेंस से फतेहपुर जिले के कुरोली गांव भेजा गया. जैसे ही शव गांव पहुंचेंगे, वहां मातम का माहौल और गहरा सकता है. प्रशासन की टीम भी हालात पर नजर बनाए हुए है. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद
सीएम योगी ने कौशांबी में हुए हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है. घायलों के अनुसार, सिमरन के 2 वर्षीय बेटे शुभम का मुंडन कार्यक्रम था. इसके लिए गांव के लगभग 35 लोग एक पिकअप पर सवार होकर प्रयागराज संगम गए थे. वापस लौटते समय हादसा हो गया. इसमें 3 बच्चों और 5 महिलाओं सहित 8 लोगों की मौत हो गई.
हादसे की जांच जारी
सीओ सिराथू भइया संतोष कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है. वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
