बीजेपी ने AAP नेता पर उनकी ही पार्टी के दलित कार्यकर्ता के प्लॉट पर कब्जा करने का आरोप लगाया है. बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल से कार्यकर्त्ता को प्लॉट वापस दिलाने की मांग की है.
दिल्ली बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता डा. अनिल गुप्ता और मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने AAP के राष्ट्रीय परिषद सदस्य और जैतपुर से पार्षद हेमा के पति श्रीचंद वोहरा पर उनकी ही पार्टी के एक दलित कार्यकर्ता राकेश कुमार के मकान पर कब्जा करने जैसा गंभीर आरोप लगाया है.
बीजेपी नेताओं की AAP से मांग
भाजपा नेताओं ने AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज से राकेश कुमार को प्लाट का कब्जा वापस दिलवा कर न्याय दिलवाने और श्रीचंद वोहरा और उनकी पार्षद पत्नी को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की है.
केजरीवाल से लंबे समय से संपर्क
मीडिया प्रमुख ने कहा है कि श्रीचंद वोहरा पार्टी के संस्थापन समय से अरविंद केजरीवाल के सीधे सम्बंध में रहे हैं और साल 2017 में खुद जैतपुर से नगर निगम चुनाव लड़े थे. और साल 2022 में उनकी पत्नी हेमा चुनाव लड़ीं जिसके बाद वह वर्तमान में निगम पार्षद हैं.
साल 2019 में लिया था प्लॉट
बीजेपी ने आरोप लगाया कि साल 2019 में वोहरा ने राकेश कुमार से एक प्राइवेट पॉलिटिकल ऑफिस बनाने के बहाने जैतपुर एक्सटेंशन में एक खाली प्लॉट लिया था. हालांकि राकेश कुमार ने लगभग एक साल बाद ही अपना प्लॉट वापस मांगना शुरू कर दिया था, लेकिन वोहरा टालमटोल करते रहे और मामला 2022 तक खींचते रहे थे.
सड़क पर फेंका सामान
बताया जा रहा है कि जुलाई 2026 में जब राकेश कुमार ने अपने घर पर बिजली का मीटर लगवाना चाहा तो वोहरा ने दखल दिया और उस प्रक्रिया को रुकवा दिया. आरोप है कि लगभग 3 हफ़्ते पहले उन्होंने राकेश कुमार का सामान पहली मंजिल से सड़क पर फेंक दिया. जिसके बाद राकेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. अब बीजेपी नेताओं ने AAP नेता केजरीवाल और भारद्वाज से दलित कार्यकर्त्ता को उसका प्लॉट वापस दिलाने को लेकर मांग की है.
