झारखंड के बोकारो में एक बेटे ने अपनी ही मां की बुरी तरह से पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है.
झारखंड के बोकारो जिले से रिश्तों को तारतार कर देने वाली घटना सामने आई है. सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है. जानकारी के मुताबिम घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने अपनी मां पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया. जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मां-बेटे के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान प्रमिला देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान मां बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद आरोपी राजू कुमार ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही महिला की हालत बेहद गंभीर थी और इलाज के दौरान प्रमिला देवी ने दम तोड़ दिया.
पहले भी हुई ऐसी घटना
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी का अपनी मां से अक्सर विवाद होता था. इससे पहले भी वह अपनी मां के साथ मारपीट कर चुका था.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में यह आशंका भी जताई जा रही है कि घटना के समय आरोपी नशे में हो सकता था. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.
