Independence Day 2026: देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रदेश व देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. सभी नेताओं ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शुभकामनाएं दी हैं. इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया है. सीएम योगी ने लिखा, “प्रदेश वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. वहीं अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, “स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! संविधान से ही स्वाधीनता है. आइए हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा एवं निरंतरता का संकल्प लें.”
सीएम योगी ने दी 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई
सीएम योगी ने आगे लिखा, “स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है. मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को कोटि-कोटि नमन.”
उन्होंने लिखा, “आइए, अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करें तथा कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत’ एवं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान दें.”
अखिलेश यादव ने दी 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई
स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ!
संविधान से ही स्वाधीनता है। आइए हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा एवं निरंतरता का संकल्प लें।
मायावती ने दी 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई
देश व दुनिया भर में रहने वाले समस्त भारतीय नागरिकों व उनके परिवार वालों को भी आज 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनायें।
आज आज़ादी के दिन को सभी लोग जितने भी हर्ष व उल्लास से आपसी भाईचारा व मेलजोल के साथ मनायें वह कम ही होगा, जबकि उच्च संवैधानिक व क़ानूनी ओहदों पर बैठे लोग अपने दायित्वों के प्रति भी ज़्यादा सचेत रहें तो यह बेहतर, क्योंकि जनता वास्तविक देश व जनहित के प्रति उनकी सही और सच्चे उत्तरदायित्व की अपेक्षा अब ज़्यादा करने लगी है।
स्वतंत्रता दिवस जैसे ख़ास मौक़ों पर लोग यह उम्मीद रखतेे हैं कि यहाँ की उच्च संस्थायें भारतीय संविधान के ’चेक एण्ड बैलेन्स’ के उद्देश्य व ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभायेंगी, तभी भारत के गणतंत्र होने का सही लाभ यहाँ के ख़ासकर करोड़ों दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों, मुस्लिम व अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों सहित सर्वसमाज के ग़रीबों, मज़दूरों, किसानों, युवाओं व महिलाओं तथा अन्य मेहनतकश लोगों को, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार-मुक्त, ख़ुशी व खुशहाली की ज़िन्दगी के रूप में मिलेगा और यहाँ का लोकतंत्र व पवित्र संविधान सभी लोगों की उम्मीदों के अनुसार सार्थक सिद्ध होगा। यही आज के दिन का संदेश।
