UP PDS Update: हजारों राशन कोटेदारों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहे हैं. प्रदेश भर के 78 हजार से अधिक राशन कोटेदारों को मुख्यमंत्री की ओर से एक शानदार उपहार मिलने जा रहा है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को मजबूत करने और राशन विक्रेताओं की आय बढ़ाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (17 अगस्त) को एक बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं. राज्य सरकार प्रदेश भर के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के कमीशन (लाभांश) को 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर सीधे 125 रुपये प्रति कुंतल करने जा रही है. सीएम सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ करेंगे.
कोटेदारों को बड़ा आर्थिक संबल
प्रति कुंतल 35 रुपये की इस सीधी वृद्धि से कोटेदारों को बढ़ती महंगाई के बीच बड़ा आर्थिक संबल मिलेगा. सरकार ने इसके लिए अपने वार्षिक लाभांश बजट में भी आवश्यक बढ़ोतरी कर दी है.
ई-पॉस आधारित ‘फीडबैक प्रणाली’ का होगा शुभारंभ
कमीशन में बढ़ोतरी के साथ ही मुख्यमंत्री सोमवार सुबह 9:30 बजे ‘सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी’ के तहत ई-पॉस (e-POS) आधारित ‘उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली’ का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
पारदर्शिता और जवाबदेही
नई व्यवस्था के तहत गोदामों से सीधा राशन कोटेदारों तक पहुंचेगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी. ई-पॉस मशीनों के माध्यम से डिजिटल फीडबैक दर्ज होने से राशन वितरण में घटतौली और कालाबाजारी की शिकायतों पर पूरी तरह रोक लगेगी और पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा हक समय पर मिलेगा.
