Prayagraj Digital Library:यूपी की योगी सरकार माफिया अपराधियों के अवैध साम्राज्य को लेकर बेहद कड़े कदम उठा रही है. संगम नगरी प्रयागराज में माफिया अतीक के कब्जे से मुक्त हुई जमीन पर योगी सरकार ने गरीबों के लिए आशियाना बनाया है तो वहीं अब पूर्वांचल के दूसरे सबसे बड़े माफिया विजय मिश्रा के अवैध साम्राज्य पर योगी सरकार शिक्षा की अलख जगाने की तैयारियों में जुटी है. जहां पर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी छात्रों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी बनाए जाने की तैयारी है. जिससे यहां रहने वाले हजारों छात्रों को तैयारियों में मदद मिलेगी.
छात्रों के लिए बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
दरअसल प्रयागराज के अल्लापुर स्थित माफिया विजय मिश्रा के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को साल 2020 में पीडीए ने अवैध निर्माण के चलते ध्वस्त कर दिया था. जमीन के सत्यापन के दौरान पता चला कि ये सरकारी नजूल की जमीन है, इसे माफिया विजय मिश्रा ने पहले लीज पर लिया था, बाद में अपनी दबंगई और रसूख के बल पर इस जमीन को फ्री होल्ड करा लिया था. जिसको अब फिर से पीडीए अपने कब्जे में लेने की तैयारियों में जुट गया है. राजस्व विभाग की तरफ से जरूरी विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जमीन के स्वामित्व का मसला हल होने के बाद डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
कहां बनेगी हाईटेक लाइब्रेरी
प्रयागराज के जिस अल्लापुर इलाके में योगी सरकार डिजिटल लाइब्रेरी खोलने की तैयारी में जुटी है वह प्रतियोगी छात्रों का गढ़ माना जाता है. यहां पर विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी करने वाले करीब 80 हजार से 1 लाख के बीच प्रतियोगी छात्र रहते हैं. ऐसे में डिजिटल लाइब्रेरी की डिमांड से अधिक रहती है, लिहाजा सरकार अब माफिया विजय मिश्रा के कब्जे वाली जमीन पर डिजिटल लाइब्रेरी बनाए जाने की तैयारियों में जुट गई है.करीब 450 वर्ग मीटर जमीन पर बहुमंजिला लाइब्रेरी बनाई जाएगी. नीचे के तल पर कुछ दुकानें भी बनाई जाएंगी, ताकि लाइब्रेरी के रखरखाव में मदद हो सके. वहीं पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी. जहां पर एक साथ करीब 2 हजार प्रतियोगी छात्र विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे.
पूर्वांचल के बड़े माफियाओं में से एक विजय मिश्रा सलाखों के पीछे
विजय मिश्रा की गिनती पूर्वांचल के बड़े माफियाओं में होती है. वह भदोही के ज्ञानपुर विधानसभा से कई बार विधायक रहा है. विजय मिश्रा के खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी, दुष्कर्म और जबरन जमीनों पर कब्जे जैसे संगीन मामले दर्ज हैं. मौजूदा समय में आगरा की जेल में विजय मिश्रा बंद है, दो मामलों में कोर्ट से विजय मिश्रा को सजा भी हो चुकी है, ऐसे में आने वाले दिनों में वह चुनाव लड़ने योग्य भी नहीं रह गया है. वहीं प्रयागराज में अब विजय मिश्रा के अवैध साम्राज्य पर योगी सरकार डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की तैयारी में है ताकि हजारों प्रतियोगी छात्रों को परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल सके.
