Lucknow News: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश के छह पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रपति का विशिष्ठ सेवा पदक और 75 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रपति के उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया है. विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में डीजी ध्रवकांत ठाकुर, एडीजी पद्मजा चौहान, एडीजी प्रशांत कुमार, सहायक कमांडेंट देवनारायण यादव व अजय कुमार त्रिपाठी और डीएसपी विकास श्रीवास्तव शामिल हैं.
राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित
उत्तर प्रदेश के होमगार्ड महानिदेशक (DG) ध्रुव कांत ठाकुर (डीके ठाकुर) को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक (President’s Medal for Distinguished Service) से सम्मानित किया गया है. यूपी के कई पुलिस के कई अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
प्रतिष्ठित सम्मान
1994 बैच के सीनियर आईपीएस अधिकारी डीके ठाकुर को उनके शानदार करियर और उत्कृष्ट कार्य रिकॉर्ड के लिए केंद्र सरकार द्वारा इस सर्वोच्च पुलिस पदक के लिए चुना गया.
जानिए डीके ठाकुर का शानदार करियर
डीके ठाकुर उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कई अहम जिम्मेदारियों को संभाल चुके हैं. वह लखनऊ के पुलिस कमिश्नर, एडीजी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. डी.के. ठाकुर उत्तर प्रदेश पुलिस के उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है. वह राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग में सुधार के लिए उनके कार्यों की व्यापक सराहना हुई थी. इसके अलावा उन्होंने एडीजी मेरठ जोन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी संभाली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई. अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने प्रदेश पुलिस के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने का काम किया है.
यूपी के अन्य अधिकारी भी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर यूपी पुलिस के कई अन्य शीर्ष अधिकारियों को भी पदक मिले हैं. इनमें डीके ठाकुर के साथ-साथ एडीजी पद्मजा चौहान और एडीजी प्रशांत कुमार को भी विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा गया है.
राष्ट्रपति पुलिस पदक की घोषणा के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक महकमे में खुशी का माहौल है. इसे न केवल डी.के. ठाकुर की व्यक्तिगत उपलब्धि माना जा रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस और होमगार्ड विभाग के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है.
