झारखंड के गुमला में सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवकों की बाइक अनियंत्रित हो गई थी, जिसके बाद सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी.
झारखंड के गुमला जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है. यहां रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक हादसा बसिया थाना क्षेत्र के कोनबीर-तेतरा अम्बाटोली के पास हुआ. बताया जा रहा है कि बाइक और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई. इस दौरान बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क किनारे खेत में जा गिरे.
आपस में गहरे दोस्त थे मृतक
आपको बता दें कि मृतकों की पहचान भागीडेरा निवासी टिंकू सिंह, सरईडीह गांव निवासी सिमसोन कीड़ो और गुड़ाम नवाटोली निवासी दीपक कच्छप के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और घटना के वक्त एक ही बाइक पर सवार होकर कोनबीर की ओर जा रहे थे.
सामने से आ रहे ट्रक से हुई टककर
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक बाइक से सफर कर रहे थे. इसी दौरान तेतरा गांव के पास एक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई और तीनों युवक सड़क से दूर खेत में जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. दुर्घटना में सिमसोन कीड़ो और दीपक कच्छप की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, टिंकू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों की मदद से टिंकू सिंह को रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. इसके बाद टिंकू को रांची स्थित RIMS ले जाया गया. हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
