Rahul Gandhi Detained Delhi Police: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन ने जोरदार प्रदर्शन किया. जानिए सुबह के मार्च से लेकर आकाशवाणी भवन में धरने और रात में राहुल-प्रियंका की हिरासत का पूरा घटनाक्रम.

Rahul Gandhi Detained Delhi Police: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर मंगलवार का दिन पूरी तरह से सियासी हंगामे से भरा रहा. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया. यह पूरा विवाद एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में हुई कथित धांधली को लेकर शुरू हुआ. विपक्षी दल देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन दिन भर चला और रात आठ बजे तक चला. रात में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें किंग्सवे कैंप ले गई, जहां से बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.
चुनाव आयोग की तरफ मार्च और बैरिकेड पर फहराया तिरंगा
प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 11 बजे संसद मार्ग से हुई. राहुल गांधी हाथ में तख्ती लिए आगे चल रहे थे, जिस पर लिखा था ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’. उनके साथ अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, महुआ मोइत्रा और जया बच्चन जैसे कई बड़े नेता मौजूद थे. पुलिस ने चुनाव आयोग के दफ्तर जाने वाले रास्तों पर कड़े बैरिकेड्स लगा रखे थे. इसी दौरान जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोक रही थी, तब राहुल गांधी अचानक पास में नीति आयोग के दफ्तर के बाहर लगे बैरिकेड पर चढ़ गए और हाथ में तिरंगा लहराया. इस नजारे ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश भर दिया.
पुलिस ने शुरू की धरपकड़, राहुल अचानक घुसे आकाशवाणी भवन
दोपहर होते-होते दिल्ली पुलिस ने विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया. प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और महुआ मोइत्रा समेत कई नेताओं को बसों में बिठाकर वहां से ले जाया गया. हालांकि इसी बीच राहुल गांधी ने अपनी रणनीति बदल दी. वे बस में बैठी प्रियंका से बात करने के बाद अचानक पास स्थित आकाशवाणी भवन के रिसेप्शन गेट की तरफ तेजी से बढ़ गए. कर्मचारियों के रोकने के बावजूद वे सुरक्षाकर्मियों के साथ अंदर दाखिल हो गए. कुछ देर बाद प्रियंका गांधी भी बस से उतरकर भाई के साथ आकाशवाणी भवन के परिसर में पहुंच गईं.
बरगद के पेड़ के नीचे बिछा गद्दा और मंगाया गया खाना
आकाशवाणी परिसर के अंदर पहुंचकर राहुल और प्रियंका गेट नंबर 4 के पास एक बड़े बरगद के पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए. उनके साथ केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और दीपेंद्र हुड्डा जैसे नेता भी शामिल हो गए. देखते ही देखते वहां धरने की तैयारी कर ली गई. जमीन पर गद्दे बिछाए गए और नेताओं के लिए खाने-पीने का सामान आने लगा. पटेल चौक से डाइट कोक, चिप्स, चॉकलेट और खान चाचा ईटरी से रोल मंगाए गए. शाम ढलने पर मच्छरों से बचाव के लिए क्रीम भी अंदर पहुंचाई गई. नेता घंटों वहीं डटे रहे और पुलिस के साथ बातचीत चलती रही.
लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है, पीछे नहीं हटेंगे: राहुल गांधी
धरने के दौरान राहुल गांधी ने ग्रिल के बाहर खड़े मीडियाकर्मियों से खुलकर बात की. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सत्ताधारी दल के इशारे पर काम कर रहा है और यह सीधे तौर पर देशद्रोह के बराबर है. उन्होंने साफ कहा कि चाहे पीएम मोदी हों, अमित शाह हों या चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा. राहुल ने साफ कर दिया कि जब तक चुनाव आयोग ‘इंडिया’ ब्लॉक के सभी सांसदों से मिलने का लिखित समय नहीं देता, तब तक वे वहां से हटने वाले नहीं हैं.
रात 8 बजे पुलिस का एक्शन और फिर सभी नेताओं की रिहाई
दिन भर चले इस ड्रामे के बाद रात करीब 8 बजे दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के अंदर कड़ा एक्शन लिया. पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, महुआ मोइत्रा और दीपेन्दर हुड्डा समेत सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया और बसों में बिठाकर किंग्सवे कैंप ले गई. पुलिस की गाड़ियों ने बसों को चारों तरफ से घेर रखा था. कुछ देर तक किंग्सवे कैंप में रखने के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी को औपचारिक रूप से रिहा कर दिया. रिहाई के बाद दोनों नेता अपनी गाड़ियों में बैठकर वहां से रवाना हो गए.
