Lucknow News: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए योगी सरकार ने व्यापक परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है. सरकार के इस फैसले से त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होने की उम्मीद है.
लखनऊ: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) के बेड़े को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने त्योहार के मद्देनजर 26 अगस्त से 31 अगस्त तक लगातार 6 दिनों के लिए प्रदेशभर में विशेष और अतिरिक्त बसों के संचालन का आदेश दिया है।
दिल्ली से पूर्वांचल तक कनेक्टिविटी होगी मजबूत
त्योहार के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद, बरेली और अलीगढ़ जैसे प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे.दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रूट पर लागू कुछ प्रतिबंधों में ढील देकर अतिरिक्त बसें उतारी जाएंगी.
बस अड्डों पर 24 घंटे कंट्रोल रूम
सभी डिपो और बस स्टेशनों पर पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी व पंखों के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। साथ ही 24 घंटे एक्टिव रहने वाले कंट्रोल रूम से यात्रियों को बसों की लाइव जानकारी दी जाएगी.
ड्राइवरों, कंडक्टरों और कर्मचारियों को मिलेगा इंसेंटिव (Incentive)
रक्षाबंधन के दौरान निर्बाध बस सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए परिवहन निगम ने अपने कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है.
चालक और परिचालक (Drivers/Conductors):
इन 6 दिनों में निर्धारित शर्तों के साथ 1800 किलोमीटर का सफर पूरा करने वाले कर्मचारियों को ₹1200 की प्रोत्साहन राशि मिलेगी.
संविदा कर्मचारी
1800 किमी से अधिक बस चलाने वाले संविदा चालकों-परिचालकों को प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त दिए जाएंगे.
वर्कशॉप और टेक्निकल स्टाफ
डिपो कार्यशालाओं में लगातार 6 दिन उपस्थित रहने वाले तकनीकी कर्मचारियों को ₹500 एकमुश्त इंसेंटिव मिलेगा.
सुपरवाइजर बोनस
बेहतर व्यवस्था संभालने वाले स्टेशन सुपरवाइजरों और कर्मचारियों के लिए कुल ₹90,000 का फंड स्वीकृत किया गया है.
