Indian Rupee Depreciation News: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 96 के स्तर पर आ गया है. कोटक सिक्योरिटीज के एक्सपर्ट ने चेतावनी दी है कि 97 का लेवल टूटने पर रुपया 99 तक जा सकता है, जिससे महंगाई बढ़ सकती है.

Indian Rupee Depreciation News: दुनिया भर में जारी तनाव और महंगे आयात के कारण भारतीय रुपये में लगातार गिरावट जारी है. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया गिरकर 96 के निचले स्तर पर आ गया है. बाजार के जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह दबाव और बढ़ सकता है. कोटक सिक्योरिटीज के एक्सपर्ट अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक रुपया जल्द ही 97 के स्तर को छू सकता है. उन्होंने आगाह किया है कि अगर 97 का स्तर टूटा, तो रुपया गिरकर 99 तक जा सकता है. ऐसा होने पर देश में महंगाई तेजी से बढ़ेगी और भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल सकती है.
किन कारणों से टूट रहा है रुपया?
कोटक सिक्योरिटीज के करेंसी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के अनुसार रुपये पर कई तरफ से चौतरफा मार पड़ रही है. विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली और आयात बिल बढ़ने से डॉलर की मांग बहुत ज्यादा बढ़ गई है. इसके साथ ही अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड के ऊंचे स्तर पर रहने से भी रुपये पर दबाव गहराया है. हालांकि भारत के अंदरूनी आर्थिक आंकड़े और अर्थव्यवस्था अभी भी मजबूत हैं. लेकिन वैश्विक अनिश्चितता और अंतरराष्ट्रीय बाजार के हालात भारतीय मुद्रा के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं.
विदेशी निवेशकों ने निकाले 6.1 अरब डॉलर
रुपये के कमजोर होने की सबसे प्रमुख वजह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) का भारतीय बाजार से पैसा निकालना है. इस महीने अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से करीब 6.1 अरब डॉलर के शेयर बेच चुके हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले दो महीनों में देश में जितना विदेशी निवेश आया था, उसका 90 फीसदी हिस्सा वापस बाहर जा चुका है. हालांकि FCNR(B) के जरिए देश में फंड आया है. लेकिन उसका बड़ा हिस्सा सीधे बाजार में जाने के बजाय आरबीआई के विदेशी मुद्रा भंडार में जमा हुआ है.
कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाया आयात बिल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भारत के आयात बिल को बहुत भारी बना दिया है. केवल ब्रेंट क्रूड ही नहीं, बल्कि स्पॉट क्रूड, फ्रेट चार्ज और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के दाम भी काफी ऊंचे बने हुए हैं. इसके अलावा वैश्विक स्तर पर डीजल और एविएशन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतें भी लगातार चढ़ रही हैं. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल बाहर से खरीदता है. इसलिए डॉलर में भुगतान करने के कारण भारतीय रुपये पर सीधा और भारी असर पड़ रहा है.
क्या आरबीआई बढ़ाएगा रेपो रेट?
अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक लगातार बढ़ती महंगाई पर काबू पाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आगामी नीति में रेपो रेट बढ़ाने पर विचार कर सकता है. आरबीआई किसी दूसरे देश या अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों को देखकर दरें तय नहीं करेगा. वह केवल घरेलू महंगाई दर और स्थानीय आर्थिक स्थितियों को ध्यान में रखकर फैसला लेगा. अगर आरबीआई ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है, तो इससे बाजार की नकदी पर असर पड़ेगा. हालांकि अगर रुपये की गिरावट बेकाबू होती है, तो आरबीआई डॉलर बेचकर सीधे बाजार में हस्तक्षेप भी कर सकता है.
अर्थव्यवस्था पर क्या पड़ेगा इसका असर?
अगर रुपया गिरकर 99 के स्तर तक पहुंचता है, तो आम जनता की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा. विदेश से आने वाली हर चीज महंगी हो जाएगी, जिससे देश में कुल महंगाई दर बढ़ सकती है. इसके अलावा आयात पर निर्भर रहने वाली भारतीय कंपनियों की लागत बढ़ जाएगी और उनके मुनाफे पर बुरा असर पड़ेगा. जानकारों का कहना है कि आने वाले कुछ हफ्ते भारतीय मुद्रा और देश के वित्तीय बाजारों के लिए बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं.
