Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है. अब्बास मेहंदी का आरोप है कि कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई है. इससे उनके मित्र एडवोकेट मोहम्मद नकवी, मीसम और मौलाना कल्बे जवाद साहब के खिलाफ आपत्तिजनक, असभ्य और भ्रामक सामग्री पोस्ट की जा रही है.
एक फर्जी फेसबुक अकाउंट के जरिए मौलाना कल्बे जवाद और उनके दो करीबियों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर अभद्र पोस्ट वायरल की गई है, जिससे उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों में काफी रोष व्याप्त है.
सआदतगंज थाने में एफआईआर
मामला संज्ञान में आते ही मौलाना के समर्थक अब्बास मेहंदी ने तुरंत सआदतगंज पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है.
आरोपी की तलाश में साइबर सेल
सआदतगंज थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल और उसे संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जिस आईपी एड्रेस और अकाउंट से यह आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की गई है, उसकी तकनीकी जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपी को ट्रेस कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है.
