Varanasi Bike Theft: वाराणसी स्थित मंडुआडीह इलाके से एक बेहद हैरान कर देने वाली और अनोखी चोरी का मामला सामने आया है. यहां एक प्रीमियम बाइक एजेंसी में घुसे शातिर चोर ने न सिर्फ लाखों की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि वारदात के दौरान करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के भीतर रुककर जमकर मौज-मस्ती की. चोर का बेखौफ अंदाज और हरकतें देखकर
वाराणसी: बनारस अपनी मस्ती और अलबेले मिजाज के लिए जाना जाता है, लेकिन मंडुआडीह इलाके के एक ऑटोमोबाइल शोरूम में जो हुआ, उसने ‘बनारसी मस्ती’ की परिभाषा ही बदल दी! यहाँ चोरी की नीयत से घुसा एक शातिर चोर इतना बेखौफ और ‘नवाबी’ निकला कि चोरी करने से पहले उसने पूरे साढ़े चार घंटे तक शोरूम में ऐसा गदर काटा, जिसे देखकर अब पुलिस भी सिर सहला रही है.
हाथ में देवी मां की फोटो, कटर से काटा शीशा
बारिश की रात में ओवल बैनर ओढ़े और हाथ में देवी माँ की फोटो थामे यह ‘कलाकार चोर’ शोरूम के बाहर पहुंचा. कटर निकाला और बेहद सफाई से महज 36 मिनट में शीशे का दरवाजा काटकर अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद जो हुआ, वह किसी बॉलीवुड कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था.
रिवॉल्विंग चेयर पर घुमा, बनाई गरमा-गरम कॉफी
अंदर पहुँचते ही चोर ने आराम फरमाने का मूड बनाया.उसने रिसेप्शन का कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर गोल-गोल घूमते हुए मजे लिए.
ठंडा पानी और कॉफी
मिनी फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर प्यास बुझाई और फिर कॉफी मशीन से गरमा-गरम कॉफी तैयार कर उसकी चुस्कियां लीं.
तसल्ली से किया स्नान, बाइक कवर की बनाई ‘लुंगी’
कॉफी पीने के बाद चोर महाशय को थोड़ी ताजगी महसूस हुई, तो वह सीधे वॉशरूम की तरफ बढ़ गए. आराम से नहाने-धोने के बाद उसने अपने गीले कपड़े सुखाने के लिए शोरूम में खड़ी गाड़ियों पर टांग दिए.अब कपड़ों की जरूरत थी, तो उसने नई-नवेली बाइक का कवर फाड़ा, उसे लपेटकर बढ़िया ‘बनारसी लुंगी’ बनाई.कंप्यूटर पर धमाकेदार गाने बजाए और हाथ हवा में लहराते हुए बेखौफ होकर ‘लुंगी डांस’ करने लगा!
नए कपड़े पहने, स्टाइल मारा और हवा में गायब!
तड़के करीब 4:00 बजे जाने से पहले उसने शोरूम में रखे नए कपड़े और कैप पहनकर खुद को पूरी तरह री-स्टाइल किया. इसके बाद उसने मैनेजर की 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू KTM Adventure 390 S बाइक की चाबी उठाई, किक मारी और फर्राटा भरते हुए रफूचक्कर हो गया. पूरी की पूरी ‘मूवी’ शोरूम में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. अब मंडुआडीह पुलिस और फॉरेंसिक टीम फिंगरप्रिंट्स और सीसीटीवी फुटेज के सहारे इस ‘डांसर चोर’ की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
