UP Agniveer Rally 2026-27: उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. भर्ती अभियान 17 अगस्त से मेरठ में शुरू होगा और अप्रैल 2027 तक प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित किया जाएगा. यह राज्य में तीसरा अग्निवीर भर्ती अभियान होगा. इसके लिए प्रशासन ने कमर कस ली है.
वाराणसी और अयोध्या में भर्ती रैलियों का पूरा शेड्यूल
अग्निवीर भर्ती रैली का पहला चरण मेरठ में 17 अगस्त से शुरू होगा. इसके बाद बरेली में 14 से 30 सितंबर तक भर्ती होगी. लखनऊ में 11 से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में 2 से 27 फरवरी 2027 और अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी. प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
9 महीने तक चलने वाले इस मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), मेडिकल टेस्ट और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. सेना और जिला प्रशासन मिलकर अभ्यर्थियों के ठहरने, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने में जुट गए हैं.
भर्ती रैली का पूरा शेड्यूल
मेरठ: 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026
बरेली: 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026
लखनऊ: 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027
वाराणसी: 2 फरवरी से 27 फरवरी 2027
आगरा: 4 मार्च से 24 मार्च 2027
अयोध्या: 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027
जिला प्रशासन को समन्वय से काम करने के निर्देश
भर्ती तैयारियों की समीक्षा के लिए लोक भवन में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में बैठक हुई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनके आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. बैठक में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की अग्रिम तैयारी करने के भी निर्देश दिए गए. साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है.
