CM Yogi ki Pati: सावन के दूसरे सोमवार पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम संदेश लिखकर कांवड़ यात्रा को सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का महापर्व बताया है. उन्होंने इस चिट्ठी में कांवड़ियों से खास अपील भी की है.
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को सामाजिक समरसता, आस्था और सांस्कृतिक एकता का महापर्व बताते हुए श्रद्धालुओं के नाम एक विशेष ‘पाती’ लिखी है. उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की जीवंत पाठशाला है, जो करोड़ों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के सूत्र में जोड़ती है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवा वस्त्र, कंधे पर कांवड़ और हृदय में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा हर कांवड़िए की पहचान है. यात्रा में शामिल लोगों के कदम भले अलग-अलग हों, लेकिन सभी का लक्ष्य महादेव का जलाभिषेक करना होता है. यही भावना कांवड़ यात्रा को विशेष बनाती है.
कांवड़ यात्रा सनातन संस्कृति के समभाव और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण
सीएम योगी ने कहा कि इस यात्रा में जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्र जैसे सभी भेद गौण हो जाते हैं. कांवड़ यात्रा सनातन संस्कृति के समभाव और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है. उन्होंने कहा कि तप से चरित्र दमकता है, सेवा से समाज संवरता है और एकता से राष्ट्र निखरता है.
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग शिवभक्तों के समर्पण की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्हें देखकर मन श्रद्धा से भर उठता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित है.
समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित
सीएम योगी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए कई स्थानों पर पुष्पवर्षा और विशेष इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम ढंग से संपन्न हो सके.
