UP BJP Politics: भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपनी क्षेत्रीय टीमों के गठन पर दिल्ली और लखनऊ में गहन मंथन पूरा कर लिया है महीने के अंत तक इन क्षेत्रीय टीमों की घोषणा होने की उम्मीद है.
UP BJP Politics: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी सांगठनिक मशीनरी को धार देना शुरू कर दिया है. दिल्ली से लेकर लखनऊ तक कई दौर के उच्चस्तरीय मंथन के बाद पार्टी ने प्रदेश की क्षेत्रीय टीमों के गठन की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है. सूत्रों के मुताबिक, चालू माह के अंत तक सभी छह क्षेत्रों की नई टीमों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है.
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों काशी, गोरखपुर, अवध, कानपुर, ब्रज एवं पश्चिम क्षेत्र में बांटा हैं जिसमें संगठनात्मक दृष्टि से 98 जिले हैं. क्षेत्रीय टीमों में एक अध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ उपाध्यक्ष, आठ मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक मीडिया प्रभारी एवं छह सदस्य चुने जाते हैं. ऐसी चर्चा है कि इस बार चुनावी साल को देखते हुए टीमों का आकार बढ़ाया जा सकता है.
नई दिल्ली में मंथन
भाजपा प्रदेश इकाई ने 25 जून को 6 ह क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा की थी. नई दिल्ली में राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े की उपस्थिति में 12 और 13 अगस्त को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने यूपी के सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बुलाकर टीमों पर चर्चा की थी.
जानिए क्षेत्रवार सीटों का गणित और संगठन का खाका
पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में 403 विधानसभा सीटों का क्षेत्रवार बंटवारा इस प्रकार है
अवध क्षेत्र: 82 सीटें (सर्वाधिक विधानसभा सीटों वाला क्षेत्र)
पश्चिम क्षेत्र: 71 सीटें
काशी क्षेत्र: 71 सीटें
ब्रज क्षेत्र: 65 सीटें
गोरखपुर क्षेत्र: 62 सीटें
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र: 52 सीटें
तैयारियों का मुख्य केंद्र
नई क्षेत्रीय टीमों के चुनाव में सोशल इंजीनियरिंग, नए चेहरों को मौका और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
98 सांगठनिक जिलों पर नजर
बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाने के लिए सांगठनिक जिलों के कप्तानों (जिलाध्यक्षों व प्रभारियों) के साथ क्षेत्रीय कमेटियों का समन्वय मजबूत किया जा रहा है
