Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस पर यूपी में मंत्रियों के ध्वजारोहण की सूची जारी; लखनऊ में सीएम योगी फहराएंगे तिरंगा
लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस 2026 के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेशभर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रमों और ध्वजारोहण समारोह के लिए मंत्रियों की जिम्मेदारी तय कर दी है. मुख्य ध्वजारोहण समारोह राजधानी लखनऊ में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधान भवन के समक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे. इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की कमान संभालेंगे.
60 मंत्रियों को मिली जिलों की जिम्मेदारी
राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, कुल 60 मंत्रियों को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ध्वजारोहण और स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करने का प्रभार सौंपा गया है.
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर, सूर्य प्रताप शाही देवरिया, स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, बेबी रानी मौर्य आगरा, लक्ष्मी नारायण चौधरी मथुरा, जयवीर सिंह मैनपुरी, धर्मपाल सिंह बरेली और नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रतापगढ़ में ध्वजारोहण करेंगे. इसी तरह अनिल राजभर को वाराणसी, राकेश सचान को कानपुर देहात, अरविंद कुमार शर्मा को मऊ, योगेंद्र उपाध्याय को फिरोजाबाद, आशीष पटेल को मीरजापुर, संजय निषाद को अंबेडकरनगर, ओम प्रकाश राजभर को गाजीपुर, दारा सिंह चौहान को आजमगढ़, सुनील कुमार शर्मा को गाजियाबाद, अनिल कुमार को बिजनौर, भूपेन्द्र चौधरी को मुरादाबाद और मनोज पांडेय को रायबरेली जिला सौंपा गया.
उपलब्धियों का बखान
सभी मंत्री अपने आवंटित जिलों में तिरंगा फहराने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे और सरकार की विकास योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी जनता के बीच रखेंगे. इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और उनके परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
भव्यता और सुरक्षा के कड़े निर्देश
प्रदेश सरकार ने सभी जिला प्रशासनों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समुचित व्यवस्था करने के आदेश जारी किए गए हैं. स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों व सार्वजनिक संस्थानों में झंडारोहण के साथ देशभक्ति के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि पूरा प्रदेश उत्सव के माहौल में रंगा नजर आए.
