UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के दिन प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा.15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर यूपी के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने 15 अगस्त को 20 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है और कब एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होगा?
20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में भारी बारिश की सबसे ज्यादा संभावना जताई है. इनमें शामिल हैं, पूर्वांचल व बुंदेलखंड की बात करें तो प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना है. तराई व रुहेलखंड की बात करें तो गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में बारिश की होगी.
तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट
लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण अगले 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी.
स्वतंत्रता दिवस पर कहां ज्यादा असर
15 अगस्त के मौसम को मोटे तौर पर देखें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा ज्यादा व्यापक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. यानी पूरे प्रदेश में एक जैसा मौसम नहीं रहेगा. कहीं तेज बारिश हो सकती है तो कहीं मौसम सामान्य रहते हुए अचानक बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
क्यों बढ़ी यूपी में बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) और मानसूनी द्रोणी के मजबूत होने के कारण उत्तर प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. प्रदेश में 18 अगस्त तक अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है.
जरूरी सावधानियां
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों और बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है. बारिश या बिजली कड़कने के दौरान बच्चों को पक्के मकान के अंदर ही रखें. उन्हें जलभराव वाली सड़कों, गड्ढों, नदियों और पोखरों के पास न जाने दें. तेज बारिश और बिजली कड़कने के समय लोहे के खंभों, तारों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. सड़कों पर जलभराव और फिसलन होने के कारण गाड़ियाँ धीमी और सावधानी से चलाएं। निचले व बाढ़ संभावित इलाकों की तरफ न जाएं.
