UP Weather Update: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और मौसम केंद्र, लखनऊ के अनुसार राज्य में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. रविवार (9 अगस्त) को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, जबकि पूर्वी और विशेषकर दक्षिणी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अधिक उग्र रहेंगी. अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. उत्तर प्रदेश में आज जबरदस्त बारिश होने वाली है. इसके साथ ही आंधी भी आएगी. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’
मौसम विभाग ने कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. सहारनपुर, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली शामिल हैं. ललितपुर में अधिकांश स्थानों पर, जबकि झांसी, बांदा, चित्रकूट और मिर्जापुर में कई जगहों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है.
10 से 12 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल
10 से 11 अगस्त (सुबह 8:30 तक)
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, सहारनपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा.
11 से 12 अगस्त (सुबह 8:30 तक)
मानसूनी सिस्टम पश्चिमी यूपी की ओर शिफ्ट हो जाएगा. आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है.
किसानों और आम जनता के लिए एडवाइजरी
मौसम के अचानक बदलते मिजाज को देखते हुए आईएमडी ने लोगों और किसानों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है. किसानों के लिए निर्देश हैं कि खेतों में पानी का भराव रोकने के लिए जल निकासी (Drainage) के रास्ते खुले रखें. बारिश व बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचें और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर बांधें. भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें. आकाशीय बिजली चमकने पर पेड़ों, खुले मैदानों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और नदी-नालों से दूरी बनाए रखें.
