गुंटूर में 6 साल के लड़के की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तालाब से उसका शव बरामद हुआ है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई गई. जिले के दुग्गीराला मंडल के मोरमपुडी गांव में माता-पिता के आपसी विवाद और अलगाव के बीच पिस रहे छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान प्रभु किरण के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तालाब में डूबने से मौत हो गई. मोरमपुडी निवासी किरण और उनकी पत्नी सुनीता के बीच पिछले तीन वर्षों से मतभेद चल रहे थे और दोनों अलग-अलग रह रहे थे. समझौते के तहत मासूम प्रभु किरण का दिन अपने पिता के साथ और रात अपनी मां के पास बितती थी.
मिट्टी में फँस गया मासूम
स्कूल से लौटने के बाद प्रभु किरण एससी कॉलोनी के पास में दोस्तों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान बच्चे पास स्थित एक तालाब में मछली पकड़ने चले गए. स्थानीय ग्रामीणों ने जब बच्चों को तालाब में जाते देखा तो उन्हें डांटकर वहां से भागने को कहा. डांट सुनने के बाद कुछ बच्चे बाहर निकल आए. माना जा रहा है कि प्रभु किरण भी बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद नाले के तेज जलभराव और बहाव की चपेट में आ गया. पानी का बहाव तेज होने के कारण मासूम उसमें बह गया और मिट्टी में फंस गया.
तालाब से बरामद हुआ शव
शाम तक जब प्रभु किरण घर नहीं लौटा, तो अलग रह रहे माता-पिता के बीच हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को समझे बिना किरण और सुनीता दोनों ने एक-दूसरे पर शंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों और बच्चों से पूछताछ की. टीम ने एससी कॉलोनी के पास स्थित तालाब में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान मलबे को हटाया, जहां से 6 वर्षीय प्रभु किरण का बेजान शव बरामद हुआ.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि लड़के के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा पानी के तेज बहाव में बहने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
