अमरावती जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहाँ ट्रक और बोलेरो पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई. इस घटना 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं 21 लोग घायल है पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक़ धामनगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर ट्रक और बोलेरो पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस घटना में बोलेरो पिकअप में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे
बताया जा रहा है बोलेरो पिकअप में सवार लोग शेगांव से दुर्गा देवी की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान धामनगांव रेलवे के पास समृद्धि एक्सप्रेसवे पर उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अन्य लोग मौके पर पहुंचे. दुर्घटना में घायल हुए लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई.
घायलों को भेजा मेडिकल कॉलेज
हादसे के बाद घायलों को धामनगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए वर्धा के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक हादसे में घायल 21 लोगों का इलाज कराया जा रहा है.
अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर भी व्यवस्था की गई. हादसे की जानकारी मिलने पर अमरावती के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और धामनगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
दुर्घटना के बाद समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक और बोलेरो पिकअप की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.
