अमृतसर में ASI पर अज्ञात बाइक सवारों ने हमला कर दिया. ASI पर फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया. बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी ड्यूटी से घर की ओर लौट रहा था.
पंजाब में अमृतसर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. अमृतसर के छत्तीविंड पुलिस स्टेशन में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) सुखचैन सिंह पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों द्वारा फायरिंग का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि हमलावर पीछे से आए और एएसआई सुखचैन सिंह पर गोली चलाई. गोली उनकी बांह में लगी, जिससे वे घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है. हालांकि, बीते दिन भी गोलीबारी की घटना हुई थी जिसमें इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
बिना किसी बातचीत के चलाई गोली
अस्पताल में बात करते हुए एएसआई सुखचैन सिंह ने बताया कि ड्यूटी खत्म करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर की ओर लौट रहे थे. तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार 3 युवकों ने बिना किसी बातचीत के उन पर गोलियां चला दीं. सुखचैन सिंह के मुताबिक हमलावरों ने अपना चेहरा तक नहीं ढका था. गोली उनकी बांह में लगी और आर-पार हो गई. अपराध करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
पुरानी दुश्मनी में हो सकता हमला
हमले के कारणों के बारे में सुखचैन सिंह ने कहा कि उनका किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी या किसी तरह का विवाद नहीं है. हालांकिउन्होंने आशंका जताई कि यह हमला उनके परिवार से जुड़ी किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा हो सकता है. उन्होंने बताया कि पहले उनके भाई की हत्या कर दी गई थी और इस मामले से जुड़ा मुकदमा अदालत में लंबित है. सुखचैन के मुताबिक इस मामले में गवाहियों की सुनवाई पूरी होने के बाद, मामला अब अंतिम चरण में है. सुखचैन सिंह ने आशंका जताई कि इसी दुश्मनी के कारण विपक्ष ने उन्हें निशाना बनाया होगा.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पीड़ित पुलिसकर्मी ने कहा कि वह किसी के विवाद में नहीं पड़ते हैं और उस पर बेवजह हमला किया गया. उन्होंने कहा कि अगर गोली शरीर के किसी और हिस्से में लगती तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी. सुखचैन सिंह ने पुलिस प्रशासन और उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, हमलावरों की पहचान और जल्द गिरफ्तारी, और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
