अंकिता भंडारी मामले में जांच और न्याय की मांग बढ़ गई है. राजघाट पर प्रदर्शन कर रहे अंकिता के माता-पिता को प्रदर्शन नहीं करने दिया. आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से उठाया.
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और जांच की मांग एक बार फिर से तेज हो गई है. CBI की ओर से कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अंकिता के माता-पिता सोशल एक्टिविस्ट योगिता भयाना के साथ दिल्ली के राजघाट पहुंचे.
जबरन पुलिस ने बैठाया
आरोप है कि राजघाट पर प्रार्थना करने के लिए पहुंचे अंकिता के माता-पिता और योगिता भयाना को दिल्ली पुलिस ने जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया. योगिता भयाना के मुताबिक, पुलिस की गाड़ी उन्हें करीब 45 मिनट तक दिल्ली की सड़कों पर घुमाती रही.
मां की तबियत खराब होने का लगाया आरोप
आपको बता दें कि इस दौरान अंकिता की मां की तबीयत बिगड़ने और उनके बेहोश होने का भी दावा किया गया है. योगिता का आरोप है कि रास्ते में कई अस्पताल आने के बावजूद पुलिस ने गाड़ी नहीं रोकी और न ही उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई. योगिता भयाना ने सवाल उठाया कि जब अंकिता के परिवार के लोग अपनी मांग रखने और प्रार्थना करने राजघाट पहुंचे थे, तो उनके साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया.
अस्पताल का बहाना कर ले गई पुलिस
इस मामले में योगिता भयाना के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता से कहा था कि उन्हें अस्पताल ले जाया जाएगा. पुलिस उन्हें यह कहकर अपने साथ ले गई कि उन्हें मेडिकल मदद की जरूरत है, लेकिन, असल में उन्हें किसी अस्पताल नहीं ले जाया गया.
मौन व्रत में कर रहे प्रदर्शन
आपको बता दें कि अंकिता भंडारी के माता-पिता अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. वे राजघाट पर मौन व्रत रखे हुए थे, जिससे अंकिता के मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित हो सके. उनके माता-पिता लगातार न्याय की गुहार लगा रहे थे, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई ने उनके विरोध प्रदर्शन में बाधा डाल दी है.
