Arunachal LAC standoff: अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पर तनाव की खबरों के बाद चीनी मीडिया ने भारत पर निराधार आरोप लगाने का दावा किया है. ग्लोबल टाइम्स ने इसे घरेलू राजनीति से जोड़ा है, जबकि हॉन्गकॉन्ग के अखबार ने इसे रिश्तों के लिए नई चुनौती बताया है.

Arunachal LAC standoff: अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) यानी भारत-चीन सीमा पर तनाव की खबरों ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है. इस गरमागरम मुद्दे पर अब चीन की सरकारी और मुख्य मीडिया का रिएक्शन सामने आया है. चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में इस पूरे मामले पर भारत को ही दोषी ठहराया है. चीनी मीडिया का दावा है कि भारत की ओर से लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलकों में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
आईटीबीपी डीजी के बयान के बाद चीन की मीडिया में मची हलचल
कुछ दिनों पहले आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारत और चीन के बीच कई जगहों पर आमना-सामना यानी फेस-ऑफ की स्थिति बनी हुई है. एक बड़े भारतीय अधिकारी की तरफ से आई इस पुष्टि को बहुत अहम माना गया. इसके बाद से ही चीन की मीडिया में इस बात की चर्चा तेज हो गई. भारत ने साफ कहा था कि जब चीनी सेना गश्त के तय नियमों और तौर-तरीकों को तोड़ती है, तब बॉर्डर पर हालात बिगड़ जाते हैं.
चीन के विदेश मंत्रालय ने दी सफाई, भारत पर मढ़े आरोप
भारत के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सफाई पेश की है. चीनी प्रवक्ता का कहना है कि उनका देश हमेशा से आपसी समझौतों और साझा सहमतियों का सख्ती से पालन करता है. उनके मुताबिक चीनी सेना अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए सीमावर्ती इलाकों में सामान्य गश्त और नियंत्रण का काम करती है. हालांकि चीन ने अपनी उन हरकतों पर कोई बात नहीं की जिनकी वजह से सीमा पर तनाव बढ़ता है, बल्कि सारा दोष भारत के ऊपर ही डाल दिया.
ग्लोबल टाइम्स का दावा, भारत की घरेलू राजनीति से जुड़ा मामला
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने त्सिंघुआ यूनिवर्सिटी के एक विशेषज्ञ कियान फेंग का हवाला देते हुए अजीब दावा किया है. चीनी एक्सपर्ट का कहना है कि भारत की ओर से लगाए गए आरोप एक सोची-समझी रणनीतिक चाल का हिस्सा हैं. उनका यह भी तर्क है कि इसमें कुछ हद तक भारत की घरेलू राजनीति के समीकरण भी जुड़े हो सकते हैं. चीनी मीडिया का यह रुख साफ दिखाता है कि बीजिंग इस संवेदनशील मुद्दे पर अपनी जिम्मेदारी से बचने की पूरी कोशिश कर रहा है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने जताई दोनों देशों के रिश्तों पर चिंता
दूसरी तरफ हॉन्गकॉन्ग से प्रकाशित होने वाले प्रतिष्ठित अखबार ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने इस पूरे घटनाक्रम पर एक अलग चिंता जताई है. अखबार का कहना है कि भारत और हाल ही के दिनों में चीन के बीच संबंधों में जो एक नाजुक सुधार या सुलह देखने को मिली थी, वह फिर से परीक्षा के दौर से गुजर रही है. पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानों का शुरू होना और प्रधानमंत्री मोदी व राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात जैसी सकारात्मक घटनाओं के बाद यह नया तनाव दोनों पड़ोसियों के बीच की शांति के लिए एक नई चुनौती बन गया है.
आपसी बातचीत से ही सुलझ सकते हैं सीमा विवाद के मसले
चीनी मीडिया के इन तमाम बयानों के बीच विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को संयम बरतना बेहद जरूरी है. ग्लोबल टाइम्स के लेख में भी अंत में इस बात पर जोर दिया गया है कि दोनों देशों को अपने मतभेदों को बढ़ाने के बजाय स्थापित राजनयिक और सैन्य संवाद तंत्रों का उपयोग करना चाहिए. दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों के बीच बातचीत ही एकमात्र ऐसा जरिया है जिससे किसी भी बड़ी गलतफहमी से बचा जा सकता है और द्विपक्षीय रिश्तों को पटरी पर रखा जा सकता है.
