अयोध्या स्थित राम मंदिर एक नवंबर से पूजा पाठ और दर्शन के समय में बदलाव किए जा रहे हैं. मंदिर प्रशासन ने जानकारी देते हुए नई समय सारिणी जारी की है. अब इसी समय के अनुसार मंदिर में दर्शन और भोग लगाया जाएगा. यह व्यवस्था एक नवंबर से लागू होगी.
अयोध्या में रामलला के दर्शन की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है . जानकारी के मुताबिक़ मौसम में बदलाव के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्रशासन ने पूजा-पाठ की व्यवस्था में भी कई बदलाव किए हैं. आपको बता दे अब इसका असर सुबह की पहली आरती से लेकर रात में मंदिर बंद होने तक की गतिविधियों पर पड़ेगा. श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए मिलने वाले समय के साथ भोग और विश्राम की अवधि का भी ध्यान रखना होगा.
मौसम के कारण बदल रहा समय
आपको बता दे कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला की पूजा, आरती, भोग और दर्शन की दिनचर्या में 1 नवंबर से बदलाव होगा. मौसम में परिवर्तन को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने समय-सारणी में बदलाव की घोषणा की है.
7 बजे से होंगे दर्शन
मंदिर प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 3:45 बजे की जगह अब 4 बजे मंदिर के पट खुलेंगे. सुबह 4:30 बजे मंगला आरती होगी और सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी. इसी के साथ सुबह 7 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू होंगे.
इन समय पर बंद रहेंगे पट
मंदिर प्रशासन की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया है कि सुबह 8 से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे. इसके अलावा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक राजभोग, दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक रामलला का विश्राम का समय निर्धारित किया गया है. हालांकि इसके बाद भक्तों के लिए पट खोल दिए जाएँगे.
10 बजे बंद होंगे पट
विश्राम के बाद दोपहर 1:35 बजे से रामलला के दर्शन फिर शुरू होंगे. शाम 7 बजे संध्या आरती होगी. रात 9:30 बजे शयन आरती के बाद 10 बजे मंदिर के पट बंद हो जाएंगे. आपको बता दे की वर्तमान में रात 10:30 बजे मंदिर के पट बंद होते हैं.
