उत्तर प्रदेश के बागपत में पुलिस ने अवैध हथियारों को बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान पुलिस ने मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही बड़ी मात्रा में अवैध हथियारों को भी बरामद किया है.

अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़
उत्तर प्रदेश के बागपत में पुलिस ने एक अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. जानकारी के मुताबिक बड़ौत कोतवाली के पूर्वी यमुना नहर झाल के पास में मौजूद एक खंडहर में अवैध हथियारों को बनाने की फैक्ट्री चल रही थी. जिसके ऊपर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही इस पूरी फैक्ट्री और नेटवर्क का मास्टरमाइंड फरार हो गया.
20 अवैध तमंचे बरामद
मामले में जानकारी देते हुए एमपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की और इस दौरान लगभग 20 अवैध तमंचों के साथ कारतूस, अधबने हथियार और भारी मात्रा में हथियारों को बनाने वाले उपकरण बरामद हुए हैं. पुलिस ने बताया कि यहां से बड़े स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई भी की जाती थी. गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने लाई हैं.
मास्टरमाइंड हाल ही में जेल से आया बाहर
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी झोलाछाप है. पुलिस ने बताया कि इस मामले का मास्टरमाइंड हाल ही में एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था. आरोपी जेल से बाहर आने के बाद इस नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने में जुटा हुआ था. फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम, फरमान और शोएब के रूप में की गई है.
टीम को मिलेगा इनाम
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं. इस दौरान पुलिस ने 15 बोर के 13 तमंचे, 12 बोर के 5 तमंचे, 12 बोर की 2 बंदूकें, 315 बोर के 2 जिंदा कारतूस, 315 बोर के 5 खोखा कारतूस, 6 अधबनी नाल (बैरल) और अवैध हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए हैं. इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपए का नगद इनाम देने की घोषणा की है.
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में इंसानियत शर्मसार! महिला ने सड़क पर दिया बच्चे को जन्म; नहीं खुला अस्पताल का गेट
