छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में एक युवक शव बरामद हुआ था. इस मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आपको बता दें कि शव की बरामदगी जंगल से अलग अलग जगहों पर हुई थी.
छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले से एक हैरान कर देने आ मामला सामने आया है. यहां कोदौरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम चितमा के जंगल में मिले युवक के कटे हुए सिर के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने मृतक वसीम अंसारी का धड़ भी झाड़ियों से बरामद कर लिया है. मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे महिला से कथित अवैध संबंध और उसे लगातार परेशान करने की बात सामने आई है. हालांकि, मृतक के परिजनों ने हत्या की वजह जमीन विवाद बताई है.
अलग-अलग जगहों पर मिले शव और धड़
जानकारी के मुताबिक जंगल में वसीम अंसारी का सिर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी ली, जिसके दौरान मृतक का धड़ भी झाड़ियों से बरामद किया गया. शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंके जाने की बात सामने आई है.
महिला को परेशान करता था मृतक
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान पता चला कि वसीम का एक महिला से संबंध था. आरोप है कि वसीम महिला को लगातार परेशान कर रहा था. महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद दोनों ने वसीम की हत्या की साजिश रची. पुलिस का कहना है कि 2 अक्टूबर को महिला ने फोन कर वसीम को अपने घर बुलाया था. वसीम घरवालों से टमाटर लोड कराने जाने की बात कहकर घर से निकला था. पुलिस के मुताबिक महिला के घर पहुंचने के बाद महिला और उसके पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर वसीम की हत्या कर दी. इसके बाद शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया गया.
परिजनों ने बताया जमीनी विवाद
हालांकि इस घटना में मृतक के परिजनों ने पुलिस की कहानी से अलग हत्या की वजह जमीन विवाद बताई है. मृतक की पत्नी के मुताबिक, जिस जमीन को लेकर विवाद था, उसे करीब 80 हजार रुपये में लीज पर लिया गया था. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
दंपती को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मृतक के भांजे तौसीफ अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे वसीम दोस्त का फोन आने और टमाटर लोड कराने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में फोन करने पर उसने कॉल रिसीव नहीं की. अगले दिन जंगल के पास उसकी स्कूटी खड़ी मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे. एडिशनल एसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने बताया कि कटा हुआ सिर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. इस दौरान दंपती की संलिप्तता सामने आई है. दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
