वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के बाहर लगी LED स्क्रीन पर ठाकुर जी के लाइव दर्शन की जगह पर अचानक स्टेडियम भी बदल खबर फिल्मी गाने चलने लगे. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अब इसे लेकर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई है.
मथुरा के वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में व्यवस्थाओं को लेकर नया विवाद सामने आया है. मंदिर के बाहर और आसपास के रास्तों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई बड़ी-बड़ी LED स्क्रीन पर ठाकुर जी के लाइव दर्शन की जगह अचानक फिल्मी गाने चलने लगे. यहां धार्मिक स्थल पर इस तरह की सामग्री प्रसारित होने से श्रद्धालु हैरान रह गए. उन्होंने इसे अपनी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई.
दर्शन करने आते लाखों श्रद्धालु
आपको बता दें कि वृंदावन में रोजाना देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचते हैं. मंदिरों में भीड़ अधिक होने के कारण कई बार भक्तों को बाहर ही इंतजार करना पड़ता है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के बाहर और रास्तों पर LED स्क्रीन लगाई गई हैं, जिससे उन्हें ठाकुर जी के दर्शन हो सकें, लेकिन इन स्क्रीनों पर लाइव दर्शन की जगह अचानक फिल्मी गाने चलने लगे. इसे देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु हैरान रह गए.
प्रशासन की निगरानी में चाहिए संचालन
मंदिर में इस घटना के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं का संचालन कर रही हाईपावर कमेटी की जिम्मेदारी पर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि जब इन LED स्क्रीन का संचालन प्रशासन और कमेटी की निगरानी में होना चाहिए तो फिर उन पर इस तरह की सामग्री कैसे प्रसारित हो गई? लोगों मे कहा कि स्क्रीन पर क्या दिखाया जा रहा है, इसकी निगरानी करने वाला कोई जिम्मेदार व्यक्ति क्यों मौजूद नहीं था? जब हाईपावर कमेटी के अध्यक्ष से इस बारे में सवाल किया गया तो अध्यक्ष पूरे घटनाक्रम से अनजान नजर आए.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना
वहीं, अब इसको लेकर मंदिर के सेवायत और हाईपावर कमेटी के सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से मंदिर में लाइव स्क्रीनिंग पर रोक लगाई गई है, इसके बावजूद हाईपावर कमेटी ने लाइव स्क्रीनिंग कराई. उनके मुताबिक, यह सीधे तौर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना है. हिमांशु गोस्वामी ने मांग की है कि LED स्क्रीन पर इस तरह की सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए.ठोस नहीं बेहद ठोस कार्रवाई चाहिए. उन्होंने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही बताया है.
