Bengaluru Peoples Tribunal: बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित पीपुल्स ट्रिब्यूनल में ध्रुव राठी, प्रकाश राज और अभिजीत दिपके ने एसआईआर रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.

Bengaluru Peoples Tribunal: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के ऐतिहासिक फ्रीडम पार्क में सिविल सोसाइटी और सीजेपी (CJP) द्वारा ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान यूट्यूबर ध्रुव राठी, प्रसिद्ध अभिनेता प्रकाश राज और सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके एक ही मंच पर नजर आए. इन दिग्गजों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और वर्तमान चुनावी प्रक्रिया पर बेहद गंभीर सवाल खड़े किए. मंच से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर (SIR) व्यवस्था को तुरंत बंद करने की मांग बुलंद की गई. इसके साथ ही नेताओं ने देश भर में वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का आरोप लगाते हुए स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव कराने की वकालत की.
अभिजीत दिपके का सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग पर सीधा निशाना
कार्यक्रम में बोलते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला. दिपके ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया का इस्तेमाल भाजपा विरोधी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से छांटने के लिए किया जा रहा है. जब पत्रकारों ने उनसे सुप्रीम कोर्ट से इंसाफ मिलने की उम्मीद पर सवाल पूछा, तो उन्होंने न्यायपालिका के रवैये पर भी खुलकर नाराजगी जाहिर की. दिपके ने कहा कि चुनाव आयोग जब तक पारदर्शी तरीके से काम नहीं करेगा, तब तक देश में निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हैं. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की सुरक्षा बढ़ाए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्हें जेल में भेजने तक की मांग कर डाली.
महात्मा गांधी के सत्याग्रह का दिया हवाला, 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान
दिपके ने उन आरोपों को सिरे से खारिज किया, जिनमें विरोध दर्ज कराने वालों पर देश को अस्थिर करने के आरोप लगाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि अगर लोकतंत्र बचाने के लिए अपनी आवाज उठाना देश को अस्थिर करना है, तो अंग्रेजों के खिलाफ सत्याग्रह करने वाले महात्मा गांधी सबसे बड़े अस्थिर करने वाले थे. हम भी वोट हटाने के इस खेल और धांधली के खिलाफ अहिंसात्मक सत्याग्रह कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने सरकार से मांग की कि दिल्ली में लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की पूरी आजादी दी जाए.
ध्रुव राठी ने बंगाल और बिहार का दिया हवाला, वोटर लिस्ट में धांधली का लगाया आरोप
मंच को संबोधित करते हुए मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया. राठी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के समय मतदाता सूची से लगभग 70,000 वैध वोटरों के नाम हटा दिए गए थे, जिन्हें चुनाव खत्म होते ही दोबारा जोड़ दिया गया. इसके अलावा बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां करीब 65 लाख वोटरों के नाम अचानक लिस्ट से गायब कर दिए गए. सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद ही चुनाव आयोग ने उन प्रभावित लोगों के नाम और पते सार्वजनिक किए थे.
‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के लगे नारे, चुनाव आयोग में पारदर्शिता की उठी मांग
ध्रुव राठी ने कहा कि चुनाव आयोग खुद से कोई भी जानकारी जनता के सामने साझा नहीं करता और उसमें जरा भी पारदर्शिता नहीं बची है. उन्होंने मंच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा बुलंद करते हुए कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक लोकतंत्र की रक्षा नहीं हो सकती. राठी ने कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए एक निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव वाली प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए. जब तक ऐसा नहीं होगा, तब तक किसी भी चुनाव के नतीजों पर आम जनता का भरोसा कायम नहीं हो सकेगा.
अभिनेता प्रकाश राज बोले- यह केवल वोट काटने का मुद्दा नहीं, नागरिक अधिकारों पर हमला है
दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने-माने अभिनेता और एक्टिविस्ट प्रकाश राज ने भी एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से रद्द करने की मांग की. उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से लोगों के नाम गायब होना महज एक प्रशासनिक लापरवाही नहीं है. यह देश के आम नागरिकों की गरिमा, उनकी पहचान और उनके संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है. प्रकाश राज ने कहा कि लोकतंत्र में वोट देने का अधिकार सबसे पवित्र होता है, और अगर नागरिकों से उनका यह बुनियादी अधिकार ही छीन लिया जाएगा, तो देश का लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह कमजोर हो जाएगा.
