बिहार के बेतिया में मौजूद GMCH में अपनी मां की देखभाल कर रही एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में संविदा लैब कर्मी को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बिहार के बेतिया से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां GMCH में इलाज के दौरान अपनी मां की देखभाल कर रही 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत के बाद नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित आरोपी को 4 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया.
दुष्कर्म के बाद दी धमकी
आरोप है कि अस्पताल में संविदा लैब कर्मी के रूप में तैनात रविरंजन नाबालिग को बहला-फुसलाकर अस्पताल परिसर के बाहर स्थित अपने डेरे पर ले गया. आरोपी ने यहां उसके साथ दुष्कर्म किया. यही नहीं आरोपी ने पीड़ित को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसकी मां को मार देगा. परिजनों के लिखित आवेदन पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 65 (1) और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ है.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
घटना की सूचना मिलने के करीब 4 घंटे के अंदर ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी रविरंजन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच महिला पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है. घटनास्थल के साथ GMCH परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.
GMCH की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के जरिए कठोर सजा दिलाने की बात कही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब GMCH की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे है. अस्पताल में काम करने वाले संविदा और बाहरी कर्मियों का पुलिस वेरिफिकेशन और निगरानी किस स्तर पर होती है? एक नाबालिग अस्पताल परिसर से बाहर कैसे पहुंची? इन सवालों का जवाब अब अस्पताल प्रबंधन को देना होगा.
