बिहार के पटना में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर किया गया है. मौके से पुलिस ने विदेशी कट्टा और कारतूसों को बरामद किया है.
पुलिस और अपराधी की मुठभेड़
बिहार की राजधानी से मुठभेड़ की खबर सामने आई है. पटना में पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन के साथ मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में सूर्या डॉन घायल हुआ है. पुलिस ने इस दौरान मौके से विदेशी कट्टा और कारतूसों को बरामद किया है. अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है.
पुलिस को मिली थी सूचना
यह पूरी वारदात पटना के गायघाट में मौजूद महात्मा गांधी सेतु के नीचे हुई है. यहां सोमवार को पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई हुई. इस कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी के साथ मुठभेड़ हुई है. जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, कि अपराधी राजीव कुमार यानी सूर्या डॉन रंगदारी को वसूलने के लिए उस इलाके में पहुंचने वाला है.
अपराधी ने शुरू कर दी फायरिंग
सूचना मिलने के बाद में आलमगंज पुलिस ने STF के साथ में संयुक्त ऑपरेशन को अंजान देने की तैयारी की. जिसके बाद आरोपी को घेरने की योजना बनाई. पुलिस ने जैसे ही आरोपी को घेरा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में राजीव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके अस्पताल पहुंचाया है.
हत्या और डकैती के साथ कई मामलों में आरोपी
मौके से पुलिस ने एक विदेशी कट्टा और कारतूसों को बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि सूर्या डॉन का आपराधिक इतिहास काफी बड़ा है. जानकारी के मुताबिक वह 15-20 संगीन मामलों में शामिल रहा है. उसके ऊपर डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या और लूट जैसे कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- अविश्वास प्रस्ताव के बाद बढ़ा विवाद! स्पीकर कक्ष की वीडियो बनाने पर बवाल, जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई?
