बिजनौर के चांदपुर में नशे में धुत व्यक्ति ने 3 लोगों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इस घटना में तीनों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि शराब ठेके पर विवाद होने के बाद यह पूरी घटना हुई. फिलहाल पुलिस ने आरोपी चलकर को भी हिरासत में ले लिया है.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है. जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर इलाके के दतियाना गांव में शराब के ठेके पर हुए एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया. बताया जा रहा है कि विवाद में एक युवक ने गुस्से और नशे में धुत होकर दूसरे पक्ष के लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इस घटना में तीन ग्रामीणों की कुचलकर मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है, जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है.
विवाद के बाद ट्रैक्टर लाया आरोपी
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब पौने नौ बजे दतियाना गांव स्थित देशी शराब की दुकान के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. विवाद बढ़ने पर दतियाना गांव का रहने वाला आरोपी वीरेंद्र शराब के नशे में धुत होकर अपना ट्रैक्टर ले आया. बताया जा रहा है कि उसने जमालुद्दीनपुर के खेड़ा तिराहे के पास खड़े विरोधी पक्ष के लोगों को जान से मारने की नीयत से उन पर सीधे तेज रफ्तार ट्रैक्टर दौड़ा दिया.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जानकारी के मुताबिक नशे में धुत्त चालक वीरेंद्र ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. इस सनसनीखेज हादसे में जमालुद्दीनपुर निवासी तीन ग्रामीणों उदयवीर, जयचंद और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर मौजूद लोग तीनों घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
भागने के दौरान पलट गया ट्रैक्टर
आपको बता दें कि जमालुद्दीनपुर के ग्रामीणों को रौंदने के बाद आरोपी वीरेंद्र मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था. हालांकि शराब के नशे और तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गया. इस दुर्घटना में आरोपी वीरेंद्र खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
पुलिस कर रही जांच
एक साथ तीन ग्रामीणों की हत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना को लेकर पीड़ित परिवार व ग्रामीणों में आक्रोश है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और अस्पताल परिसर में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
