बिजनौर में दिवाली की सफाई के दौरान एक घर से उल्लू के 6 बच्चे मिले हैं. इसके बाद इन सभी उल्लुओं को वन विभाग ने रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में रखा है. जानकारी के मुताबिक़ बार्न आउल प्रजाति के इन बच्चों को रोजाना करीब एक किलो चिकन खिलाया जा रहा है.
बिजनौर में दिवाली के लिए घर की साफ-सफाई के दौरान उल्लू के छह बच्चे मिले हैं. उनके मिलने के बाद मकान मालिक ने पक्षियों को परेशानी में देखकर वन विभाग को सूचना दी. इसके बाद वन विभाग की टीम ने सभी छह बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में ले लिया. फिलहाल ये सभी वन विभाग के रेंज कार्यालय में रह रहे हैं, जहां उनकी खास देखभाल की जा रही है. जानकारी के मुताबिक़ इन मेहमानों के खाने-पीने से लेकर उनकी दिनचर्या तक का ध्यान रखा जा रहा है. अब इन्हें रोजाना करीब एक किलो चिकन खिलाया जा रहा है.
वन विभाग को दी सूचना
जानकारी के मुताबिक़ यह पूरा मामला कृष्ण विहार कॉलोनी का है. यहां रहने वाले जगदीश कुमार के घर में दिवाली के लिए साफ-सफाई की जा रही थी. इसी दौरान मकान के एक पुराने झरोखे में उन्हें उल्लू के छह बच्चे दिखाई दिए. जब उन्होंने ध्यान से देखा तो पता चला कि झरोखे पर जाली लगी हुई थी, जिसके कारण उल्लुओं की मां अपने बच्चों तक नहीं पहुंच पा रही थी. बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगदीश कुमार ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी छह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
बार्न आउल प्रजाति के हैं उल्लू
वन क्षेत्राधिकारी महेश गौतम ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि रेस्क्यू किए गए सभी छह उल्लू बार्न आउल प्रजाति के हैं. इनमें चार नर और दो मादा हैं. इनकी उम्र करीब ढाई महीने बताई जा रही है. फिलहाल इन्हें दो पिंजरों में रखा गया है, जहां वन विभाग की टीम उनकी निगरानी कर रही है.
शाम को दिया जाता चिकन
बताया जा रहा है कि इन उल्लुओं की दिनचर्या भी काफी अलग है. ये आमतौर पर दिन में आराम करते हैं और अंधेरा होने के बाद भोजन की तलाश में सक्रिय होते हैं. इसी आदत को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम इन्हें शाम के समय खाना देती है. शुरुआत में इन छह बच्चों को करीब आधा किलो चिकन दिया गया था. हालांकि उनकी जरूरत को देखते हुए अब भोजन की मात्रा बढ़ाकर प्रतिदिन लगभग एक किलो कर दी गई है.
