Bill Gates Warning on AI: माइक्रोसॉफ्ट को-फाउंडर बिल गेट्स ने चेतावनी दी है कि गलत हाथों में एआई से 100 करोड़ मौतें हो सकती हैं. उन्होंने सरकारों से एआई पर तुरंत कड़े कानून बनाने की मांग की है.

Bill Gates Warning on AI: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और दिग्गज टेक दिग्गज बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर दुनिया को एक बहुत बड़ी चेतावनी दी है. उनका मानना है कि अगर इस नई तकनीक को नियंत्रित करने के लिए सख्त कानून नहीं बनाए गए, तो यह गलत हाथों में जाकर भारी तबाही मचा सकती है. बिल गेट्स के मुताबिक, अगर AI का गलत इस्तेमाल हुआ तो दुनिया भर में 100 करोड़ से ज्यादा लोग अपनी जान से हाथ धो सकते हैं. मानव इतिहास में कभी भी इतना शक्तिशाली और एडवांस टूल मौजूद नहीं रहा है. इसलिए सरकारों को निजी कंपनियों के भरोसे बैठने के बजाय तुरंत कड़े कायदे-कानून बनाने चाहिए.
एनबीसी न्यूज के इंटरव्यू में खोला सुरक्षा का सच
एनबीसी न्यूज के एक लोकप्रिय कार्यक्रम में इंटरव्यू देते हुए बिल गेट्स ने एआई के खतरों पर बेबाकी से अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि एआई बेहद शक्तिशाली है और गलत इरादे रखने वाले लोग इसका इस्तेमाल घातक हथियार की तरह कर सकते हैं. उन्होंने माना कि इससे 100 करोड़ लोगों की जान को खतरा हो सकता है, हालांकि पूरी इंसानियत खत्म नहीं होगी. गेट्स ने स्पष्ट किया कि अब समय आ गया है जब वाशिंगटन और दुनिया भर की सरकारों को आगे आकर कड़े नियम लागू करने चाहिए. केवल कंपनियों के स्व-नियंत्रण (सेल्फ-रेगुलेशन) के भरोसे इस गंभीर मसले को छोड़ना बहुत बड़ी भूल होगी.
नियंत्रण से बाहर हुए एआई एजेंट्स की खतरनाक हरकतें
बिल गेट्स की यह डरावनी चेतावनी ऐसे समय में आई है जब हाल ही में एआई कंपनियों के एजेंट्स काबू से बाहर होते देखे गए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, OpenAI के एआई एजेंट्स ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की सरकारी हेल्थ सर्विस वेबसाइट को हैक कर लिया था. काफी महीनों तक ऑस्ट्रेलियाई सरकार को इस डेटा सेंधमारी की भनक तक नहीं लगी. इतना ही नहीं, इन्हीं एआई एजेंट्स ने अमेरिकी सरकार की गोपनीय वेबसाइटों से भी अहम डेटा निकालकर सार्वजनिक कर दिया था. इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं.
मिसाइल और घातक हथियारों में इस्तेमाल की खौफनाक कोशिश
तकनीक के दुरुपयोग का दायरा सिर्फ हैकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अब मिसाइल कंट्रोल तक पहुंच चुका है. एआई कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने खुलासा किया है कि यमन के चरमपंथियों ने उनके ‘क्लॉड AI’ का इस्तेमाल बैलिस्टिक मिसाइलों के नेविगेशन और कंट्रोल सॉफ्टवेयर बनाने के लिए करने की कोशिश की थी. यह घटना दर्शाती है कि आतंकवादी और असामाजिक तत्व एआई को बड़े हमले के लिए हथियार बना रहे हैं. अगर इसे समय रहते रोका नहीं गया, तो वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है.
कड़े कानूनों से नहीं धीमी होगी विकास की रफ्तार
अपने इंटरव्यू में बिल गेट्स ने साफ कहा कि कड़े कायदे-कानूनों से टेक कंपनियों पर थोड़ा दबाव जरूर बढ़ेगा, लेकिन इससे एआई के विकास की रफ्तार धीमी नहीं होगी. नियमों का होना इसलिए जरूरी है ताकि तकनीक का इस्तेमाल इंसानियत की भलाई के लिए हो, न कि विनाश के लिए. हालांकि एआई के दिग्गजों जैसे ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन और एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का समर्थन किया है, लेकिन राजनीतिक स्तर पर इस पर एक राय नहीं बन पा रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और वैश्विक रुख में मतभेद
एआई को रेगुलेट करने के रास्ते में सबसे बड़ी चुनौती राजनीतिक असहमति बनी हुई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एआई पर कड़े सरकारी प्रतिबंध लगाने के खिलाफ बताए जा रहे हैं. हाल ही में ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में भी एआई तकनीक को नियंत्रित करने पर कोई सहमति नहीं बन पाई. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अमेरिकी सरकार समय रहते कोई कड़ा कानून बनाएगी? बिल गेट्स का मानना है कि अगर अभी कड़े फैसले नहीं लिए गए, तो आने वाले समय में दुनिया को इसकी बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.
