आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा मथुरा में दो दिवसीय बैठक करने जा रही है. इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री शामिल होंगे. बैठक में चुनावी तैयारी के साथ संगठन की स्थिति पर मंथन किया जाएगा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति तेज हो गई है. चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी अभी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है. आपको बता दे कि इसी कड़ी में पार्टी 3 और 4 अक्टूबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक करेगी. इस बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ संगठन की स्थिति और जमीनी फीडबैक पर मंथन किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक़ मथुरा बैठक की रूपरेखा तय करने के लिए बीजेपी संगठन प्रभारी विनोद तावड़े और सभी सह प्रभारी 1 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेंगे. लखनऊ में इनकी बैठक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ होगी, साथ ही प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे.
वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
आपको बता दे कि मथुरा में होने वाली इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत प्रदेश और केंद्र के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. पार्टी ब्रज क्षेत्र के साथ पूरे प्रदेश की संगठनात्मक और चुनावी स्थिति की समीक्षा करेगी. जानकारी के मुताबिक़ मथुरा में बैठक का होना भी रणनीतिक कदम हो सकता है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव पहला ऐसा चुनाव होगा, जिसमें राम मंदिर निर्माण का मुद्दा नहीं होगा. लिहाजा अब फोकस अयोध्या से आगे निकलकर मथुरा और ब्रज क्षेत्र पर केंद्रित किया जा सकता है.
भाजपा के लिए मथुरा वृंदावन है खास
आपको बता दे कि बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला दौरा मथुरा और वृंदावन में हुआ था. यहां तक कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी ने भी पिछले साल दिसंबर में मथुरा का दौरा किया था. हाल में ही कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने भी मथुरा का दौरा और प्रवास किया. इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने बयान दिया कि अयोध्या और काशी की तरह अब मथुरा और वृंदावन का भी भव्य विकास किया जाएगा और विरासत का सम्मान होगा.
जनवरी में हुई थी RSS की बैठक
आपको बता दे कि इसके अलावा बीजेपी की मातृसंगठन संगठन RSS की तीन दिवसीय बैठक भी इसी साल जनवरी में आयोजित की गई थी, जहां अलग-अलग कार्यक्रमों में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री अमित शाह शामिल हुए थे. इस बैठक से पहले अक्टूबर साल 2024 में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक यानी ‘दिवाली बैठक’ मथुरा में हुआ था. पार्टी के जानकारों का मानना है कि अयोध्या में चंदा चोरी विवाद के बाद पार्टी अब मथुरा में बैठक कर ये संदेश देना चाहती है कि वैचारिकी रूप से अपने कोर एजेंडा अयोध्या, काशी और मथुरा के प्रति उतनी ही सजग है.
