Greater Noida Student Suicide: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक बीटेक छात्र ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक छात्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के भोगनीपुर का रहने वाला था. इस घटना के बाद हॉस्टल परिसर में खलबली मच गई. साथी छात्रों ने प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया. कुछ छात्रों ने पास खड़ी एक बस में तोड़फोड़ भी की, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने काबू में किया. इस घटना के बाद अन्य छात्रों ने जमकर हंगामा किया. जिसे पुलिस ने किसी तरह शांत कराया.
जानिए घटना के पीछे की वजह
यह घटना रात करीब 11:30 बजे नॉलेज पार्क-3 स्थित एक हॉस्टल में हुई. बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र उदित सोनी (पुत्र विजय सोनी, निवासी भोगनीपुर, जनपद झांसी) अपने दोस्तों चेतन और कुलदीप के साथ शराब पीकर हॉस्टल आया था. हॉस्टल प्रबंधन ने उसे फटकार लगाई और घटना का वीडियो बनाकर उसके पिता विजय सोनी को भेज दिया.
पिता ने डांटा तो उठाया ये खौफनाक कदम
वीडियो मिलने के बाद पिता ने उदित को डांटा और उसका नाम कटवाकर घर बुलाने की बात कही. इस घटनाक्रम से आहत होकर उदित सोनी ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
छात्र की आत्महत्या के बाद भड़के छात्र
छात्र की आत्महत्या के बाद हॉस्टल के अन्य छात्र भड़क गए. उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और पास खड़ी एक बस में तोड़फोड़ भी की. सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया. फिलहाल ऐहतियात के तौर पर हॉस्टल के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है.
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और उच्चाधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की है. परिजनों से तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जा रही है. मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है. फिलहाल पुलिस ने बताया है कि जांच जारी है और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: UP Diwas: आज से UP दिवस 2026 का आयोजन, शुभांशु शुक्ला समेत 5 विभूतियों को मिलेगा गौरव सम्मान
