Indian Pilot Smit Machhar Bravery: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट अटैक के दौरान 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मछार को अमेरिकी संसद में विशेष सम्मान मिला है. जानिए इस खौफनाक घटना का पूरा सच.

Indian Pilot Smit Machhar Bravery: दुबई से इस्राइल जा रही फ्लाइट में जब अचानक मौत मंडराने लगी, तब एक भारतीय कैप्टन की बहादुरी ने 174 लोगों की जिंदगी बचा ली. हम बात कर रहे हैं भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की. उनकी इसी जांबाजी का डंका अब अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में भी बज रहा है. अमेरिकी संसद में एक खास प्रस्ताव पेश करके स्मित मछार के साहस की तारीफ की गई है. इस सम्मान में फ्लाइट के क्रू मेंबर्स और उन यात्रियों का भी धन्यवाद किया गया है, जिन्होंने उस खौफनाक वक्त में हिम्मत दिखाई. भारतीय दूतावास के मुताबिक कैप्टन मछार की सेहत में अब तेजी से सुधार हो रहा है.
कॉकपिट के अंदर अचानक कैसे शुरू हुआ खौफनाक हमला?
यह दिल दहला देने वाली घटना 30 सितंबर की है. फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव की तरफ उड़ रही थी. प्लेन में कुल 174 यात्री मौजूद थे. सफर के दौरान अचानक कॉकपिट के अंदर हालात बिगड़ गए. प्लेन के फर्स्ट ऑफिसर ने ही इमरजेंसी में इस्तेमाल होने वाली क्रैश एक्स यानी कुल्हाड़ी उठाकर कैप्टन स्मित मछार पर हमला कर दिया. हमलावर पायलट प्लेन का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में लेना चाहता था. इस अचानक हुए हमले से कॉकपिट के अंदर अफरा-तफरी मच गई.
सिर पर गंभीर चोट के बाद भी कैप्टन ने नहीं हारी हिम्मत
कुल्हाड़ी के वार से कैप्टन स्मित मछार बुरी तरह जख्मी हो चुके थे. उनके शरीर से खून बह रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी सुधबुध नहीं खोई. गंभीर हालत में होने के बाद भी उन्होंने हमलावर का डटकर मुकाबला किया. अपनी बची हुई पूरी ताकत लगाकर उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही सफर कर रहे एक ऑफ-ड्यूटी पायलट, क्रू मेंबर्स और कुछ यात्री अंदर आ पहुंचे. सबने मिलकर हमलावर को दबोच लिया. अगर कैप्टन दरवाजा न खोलते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था.
30 सेकंड में 14 हजार फीट नीचे गिरा प्लेन, फिर ऐसे बची जान
इस पूरे हंगामे और धक्का-मुक्की के दौरान प्लेन हवा में अनियंत्रित होकर तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा. अमेरिकी संसद में पेश प्रस्ताव के मुताबिक प्लेन ने महज 30 सेकंड से भी कम समय में 14 हजार फीट से ज्यादा की ऊंचाई खो दी थी. यात्रियों की सांसें अटक गई थीं. हालांकि हमलावर के काबू में आते ही प्लेन को संभाला गया. इसके बाद सूझबूझ दिखाते हुए प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर कराई गई. वहां सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया.
अमेरिकी संसद में नाम से सम्मान मिलना क्यों माना जाता है दुर्लभ?
अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में किसी मुद्दे पर प्रस्ताव आना आम बात है. लेकिन किसी आम नागरिक या विदेशी पायलट का नाम लेकर उनके नाम से आधिकारिक प्रस्ताव पास करना बेहद दुर्लभ माना जाता है. यह सम्मान हर किसी को नहीं मिलता. अमेरिकी कांग्रेस के आधिकारिक रिकॉर्ड में स्मित मछार का नाम शामिल होना भारत के लिए भी बड़े गर्व की बात है. दुनिया भर में भारतीय कैप्टन के इस साहस और सूझबूझ की जमकर तारीफ हो रही है.
इलाज के बीच भारतीय दूतावास लगातार रख रहा है नजर
ताजा जानकारी के अनुसार कैप्टन स्मित मछार की हालत में अब काफी सुधार है. अबू धाबी में मौजूद भारतीय दूतावास उनके इलाज पर पूरी नजर बनाए हुए है. दूतावास के अधिकारी स्मित के परिवार, डॉक्टरों और वहां के स्थानीय प्रशासन से लगातार बातचीत कर रहे हैं. भारतीय दूतावास ने बताया कि कैप्टन को हर संभव मदद दी जा रही है. साथ ही उनकी सलामती और जल्द ठीक होने के लिए दुआ करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया भी अदा किया गया है.
