CBI Raid On Punjab CM Office: पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की छापेमारी से सियासी बवाल मच गया है. आम आदमी पार्टी ने इसे बीजेपी की बौखलाहट और पंजाब में दिल्ली वाला फॉर्मूला दोहराने की साजिश बताया है.

CBI Raid On Punjab CM Office: पंजाब में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही सियासी माहौल गर्मा गया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर केंद्रीय जांच एजेंसी यानी सीबीआई (CBI) की रेड के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आप नेताओं ने केंद्र पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब में मान सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रही है. आम आदमी पार्टी का दावा है कि चुनाव में अपनी जमीन खिसकती देख बीजेपी अब केंद्रीय एजेंसियों का सहारा ले रही है. हालांकि पंजाब के लोग इस तरह के दबाव में आने वाले नहीं हैं.
‘बौखलाहट का सबूत है ये रेड’: मनीष सिसोदिया का मोदी सरकार पर हमला
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई को बीजेपी की हताशा करार दिया है. उन्होंने कहा कि देश भर में अलग-अलग मुद्दों पर घिरी बीजेपी अब पंजाब चुनाव के लिए सीबीआई को अपनी एडवांस पार्टी बनाकर भेज रही है. सिसोदिया के मुताबिक यह रेड केंद्र सरकार की ताकत का नहीं, बल्कि उसकी घबराहट और बौखलाहट का साफ सबूत है. वहीं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी निशाना साधते हुए कहा कि हर चुनाव से पहले ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करना बीजेपी का पुराना हथियार रहा है.
‘दिल्ली की तरह झूठे केस और गिरफ्तारियां करेगी बीजेपी’: सौरभ भारद्वाज
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार पंजाब में ठीक वही दिल्ली वाला फॉर्मूला दोहरा रही है. उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव से पहले अपनी पैठ बनाने के लिए बेताब बीजेपी अब फर्जी मुकदमे दर्ज कराएगी और नेताओं को गिरफ्तार करने की कोशिश करेगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों के साथ जो छलावा किया गया, वही अब पंजाब में दोहराने की तैयारी है. राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी कहा कि पंजाबी किसी से डरने या दबने वाले नहीं हैं और जनता चुनाव में इसका मुंहतोड़ जवाब देगी.
‘2027 चुनाव कैंपेन का आगाज है सीबीआई रेड’: अमन अरोड़ा का तंज
आप के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि बीजेपी ने सीबीआई की इस रेड के जरिए अपने 2027 के पंजाब चुनाव कैंपेन की शुरुआत कर दी है. उन्होंने कहा कि पिछले पौने पांच सालों में भगवंत मान सरकार ने बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक काम किए हैं, उनसे बीजेपी बुरी तरह घबरा गई है. जमीनी स्तर पर जनता बीजेपी को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है. इसी हताशा में वह जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है, लेकिन पंजाब की दिलेर जनता इस धक्केशाही को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी.
‘हमारी याचिका का इंतजार किए बिना 24 घंटे में हुई कार्रवाई’: हरपाल चीमा
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सीबीआई की टाइमिंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में हमारी याचिका पर सुनवाई का इंतजार किए बिना महज 24 घंटे के भीतर यह छापेमारी की गई. यह पंजाब के लोगों को डराने और दबाने की साफ कोशिश है. चीमा ने कहा कि राज्य के तीन करोड़ पंजाबी पूरी मजबूती के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के साथ खड़े हैं. लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर संसद और अदालत तक इस राजनीतिक लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी.
‘एजेंसियों के दम पर विश्वास नहीं जीत सकती बीजेपी’: कैबिनेट मंत्रियों का बयान
पंजाब सरकार की कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर और बरिंदर कुमार गोयल ने भी इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना बताया है. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव करीब आएंगे, मान सरकार के नेताओं और मंत्रियों को ईडी-सीबीआई के जरिए परेशान करने की साजिशें बढ़ेंगी. हालांकि एजेंसियों का डर दिखाकर पंजाब के लोगों का विश्वास नहीं जीता जा सकता. मंत्रियों का कहना है कि भगवंत मान सरकार को मिल रहा जनसमर्थन ही बीजेपी की सबसे बड़ी चिंता है. पंजाब की जनता आने वाले चुनावों में अपने वोट की ताकत से इस तानाशाही का लोकतांत्रिक जवाब देगी.
