Chaitra Navratri 2026: आज नवरात्रि की अष्टमी तिथि है और नवमी भी आज ही है. जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, मीरजापुर समेत अन्य जिलों के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है. सुबह से भक्त मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं. कई मंदिरों में लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. अगर बात करें आदिशक्ति माता विंध्यवासिनी के धाम की तो यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी हैं.
‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज रहा मां का दरबा
पूरा धाम ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा. पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए मां ने कठोर तपस्या की थी, जिससे उनका शरीर काला पड़ गया था. बाद में भगवान शिव ने गंगाजल से उनका अभिषेक किया, जिससे उनका वर्ण अत्यंत गौर एवं तेजस्वी हो गया और तभी से वह महागौरी के नाम से विख्यात हुईं. मान्यता है कि सच्चे मन से मां की पूजा करने पर घर में सुख-शांति बनी रहती है और मां अन्नपूर्णा स्वरूप में भक्तों का कल्याण करती हैं.
कुंवारी पूजन का महत्व
सिद्धपीठ में देशभर से आए श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर मां के दर्शन कर रहे हैं. भक्तों का कहना है कि मां अपने दरबार में आने वाले किसी भी भक्त को खाली हाथ नहीं लौटातीं और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं. अष्टमी तिथि पर विशेष रूप से कन्या पूजन का विधान है. श्रद्धालु कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन करते हैं और उन्हें भोजन एवं उपहार देकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.
महागौरी की पूजा का महत्व
इस दिन निशाकाल में पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है. ऐसा कहते हैं कि मां दुर्गा की आठवीं शक्ति महागौरी का स्वरूप अत्यंत शांत और कल्याणकारी है. उनकी उपासना से पूर्व जन्मों के पाप भी नष्ट हो जाते हैं और भक्त अक्षय पुण्य का भागी बनता है. जो स्त्री श्रद्धा से मां की पूजा करती है, उसके सुहाग की रक्षा स्वयं देवी करती हैं.
क्या है धार्मिक मान्यता?
मां महागौरी के दर्शन-पूजन से भक्तों को परम शांति और आनंद की अनुभूति होती है. मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और नियमपूर्वक की गई आराधना से मां अपने भक्तों को अभय, सुख, समृद्धि और सिद्धि प्रदान करती हैं. नवरात्र का यह दिन भक्तों के लिए विशेष फलदायी और कल्याणकारी माना जाता है.
ये भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में भीषण हादसा, लॉरी से टकराकर धू-धू कर जली बस, 14 जिंदा जले,सीएम नायडू ने दिए जांच के आदेश
