देश में कई बार आर्थिक तंगी के चलते कई लोग गलत राह पर चल पड़ते हैं. एक ऐसा ही मामला छत्तीसगढ़ से सामने आया है, जहां कर्ज और आर्थिक तंगी ने गांव के एक दंपति को अपराध की राह पर चलने पर मजबूर कर दिया. पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो घर पर नकली नोट छापकर बाजार में उन्हें चलाते थे.
कलर प्रिंटर के साथ कई चीजें बरामद
छत्तीसगढ़ के दुर्ग से पुलिस ने पति और पत्नी को गिरफ्तार किया है, पुलिस के मुताबिक आरोपी आर्थिक तंगी में डूबे हुए थे और उनके सिर के ऊपर काफी ज्यादा कर्ज था, जिसके कारण उन्होंने अपने ही घर में नकली नोट छापने का काम शुरू कर दिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 1 लाख 70 हजार रुपए के नकली नोट और एक कलर प्रिंटर और कागज के साथ में कई चीजें बरामद की हैं.
यूट्यूब से सीखा नोट छापने का तरीका
पुलिस के मुताबिक आरोपी अरुण कुमार कुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग के ऊपर काफी कर्जा था, जिसके कारण उन्होंने यूट्यूब से वीडियो देखकर नकली नोटों को छापने का तरीका सीखा और ऑनलाइन एक कलर प्रिंटर और उसके साथ में कई चीजें अपने घर मंगवा लीं. जिसके बाद दोनों मिलकर साथ में घर पर ही नकली नोट छापने लगे और आस-पास के बाजारों में उन्हें चलाने लगे.
पुलिस ने सूचना मिलने पर की जांच
यह मामला सामने तब आया, जब रानीतराई थाना क्षेत्र की पुलिस को साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना मिली. पुलिस ने सूचना मिलने के बाद में जब जांच शुरू की तो बाजार के कई व्यापारियों ने नकली नोट चलने की बात पुलिस से कही. जिसके बाद जब पुलिस ने जांच की तो आरोपी अरुण कुमार और उसकी पत्नी को संदिग्ध हालातों में पकड़ लिया, जिसके बाद तलाशी लेने पर उन दोनों के पास से नकली नोट पाए गए. जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने नकली नोट छापने और उन्हें चलाने की बात को कबूल कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के घर पर छापा मारा

दोनों पति-पत्नी के पकड़े जाने के बाद में जब पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा, तो वहां से नकली नोट को छापने का सामान बरामद किया गया. आरोपियों के घर से 1 लाख 70 हजार की फेस करेंसी और कलर प्रिंटर के साथ में कागज मिले हैं. बरामद किए गए नोटों में 100 के नोट और 200 के नोटों के साथ 500 के नोट शामिल हैं. दोनों आरोपी पति-पत्नी गांव सोनपैरी के पहने वाले हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
दुर्ग के SSP विजय अग्रवाल ने बताया है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और सब सामान जब्त कर लिया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, कि इस नेटवर्क से और लोग भी तो नहीं जुड़े हुए हैं.
यह भी पढ़ेंं: अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम! असम में टोना-टोटका के शक में पति-पत्नी को जिंदा जलाया, मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरा
