छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बेटे ने ही अपने बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी. बेटे ने फावड़े से काटकर घर के अंदर 70 साल के बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.
बुजुर्ग की घर में हत्या
छत्तीसगढ़ से बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मन्नाडोल इलाके में एक सोमवार को एक वारदात हुई जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. यहां एक 70 साल के बुजुर्ग की उसके ही घर में हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मनराखन ध्रुव के रूप में की गई है. बुजुर्ग की उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई.
पुलिस ने बेटे को हिरासत में लिया
इस मामले में जांच करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में बुजुर्ग के बेटे को हिरासत में लिया है. जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुबह के समय स्थानीय लोगों ने मन्नाडोल में एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते देखा. लोगों को वह सामान्य नहीं लगा, जिससे लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी.
पूछताछ के बाद बरामद हुआ शव
पूछताछ में आरोपी ने ऐसे जवाब दिए, जिससे पुलिस उसके घर तक पहुंची. जब टीम उसके घर पहुंची, तो घर के अंदर एक बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ था. बुजुर्ग की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने जांच करते हुए बताया कि आरोपी बेटा नीतू ध्रुव काफी लंबे समय से अजीब व्यवहार कर रहा था. अपने परिजनों और पड़ोसियों से तनाव का माहौल रहता था.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इलाके में घटना के बाद हड़कंप मच गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और लगातार उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस इस मामले में जांच करते हुए मानसिक अस्थिरता और नशे की लत जैसे एंगल को भी जांच रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- जल जीवन मिशन घोटाले में बड़ा एक्शन! जयपुर से दिल्ली और बिहार-राजस्थान तक ACB की छापेमारी, कई लोगों को हिरासत में लिया
