चिक्काबल्लापुर में पिछले एक साल से आरोपी एक ही दुकान में चोरी कर रहा था. CCTV फुटेज सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है.
कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर से चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक चोर ने एक ही कबाड़ की दुकान से पिछले एक साल में 20 से भी अधिक बार तांबे के कीमती सामान पर हाथ साफ किया. दुकान मालिक की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी युवक को रंगे हाथों धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सलीम के रूप में हुई है, जो चुराया हुआ तांबा बेंगलुरु के ग्रामीण इलाकों में बेचता था. पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
तांबे के ख़रीदे थे सामान
जानकारी के मुताबिक़ यह पूरा मामला चिक्काबल्लापुर स्थित ‘सिंडिकेट स्क्रैप’ की दुकान का है. दुकान मालिक मुशीर अहमद ने गौरीबिदानूर और शिदलाघट्टा इलाकों में सड़क चौड़ीकरण के दौरान गिराई गई पुरानी इमारतों से निकले बिजली के तार और तांबे के अन्य सामान खरीदे थे. उन्होंने इस महंगे तांबे को अपनी दुकान में अलग सुरक्षित स्थान पर रखा था.
CCTV फुटेज ने चौकाया
पीड़ित के मुताबिक़ पिछले कुछ महीनों से उसे लगातार यह एहसास हो रहा था कि उनकी दुकान से तांबा और अन्य कीमती धातुएं धीरे-धीरे कम हो रही हैं. जब उन्होंने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उनके होश उड़ गए. फुटेज में एक युवक आधी रात को दुकान में घुसकर तांबा चुराते हुए साफ दिखाई दिया.
पुलिस ने लगाया पहरा
CCTV सामने आने के बाद दुकान मालिक और कर्मचारियों ने एक रात चोर को मौके पर ही पकड़ने की कोशिश की. हालांकि, उस रात हो रही मूसलाधार बारिश का फायदा उठाकर आरोपी अंधेरे में भागने में सफल रहा. इसके बाद दुकान मालिक मुशीर अहमद ने चिक्काबल्लापुर पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के निर्देशानुसार दुकान के आसपास पुलिस और कर्मचारियों का कड़ा पहरा लगा दिया गया. आखिरकार, जब सलीम फिर से चोरी करने दुकान में घुसा, तो उसे रंगे हाथों दबोच लिया गया.
नशे के लिए करता था चोरी
गिरफ़्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए. सामने आया कि आरोपी सलीम पिछले एक साल में इसी एक दुकान से 20 से अधिक बार तांबा चुरा चुका था. अनुमान के मुताबिक, उसने लगभग 9 लाख रुपये का तांबा चुराकर बेचा. आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए इस अपराध को अंजाम देता था. वह चुराया गया तांबा बेंगलुरु ग्रामीण और आसपास के इलाकों में सस्ते दामों में बेच देता था.
