दिवाली और धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ का असर अब दिखने लगा है. बुधवार को दिल्ली के कई बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लगा रहा. इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
राजधानी दिल्ली में दिवाली और धनतेरस के त्योहार को लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ गई है. बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए अपने घरों से निकल रहे हैं. अब इसका असर दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ रहा है. बुधवार को राजधानी के कई इलाकों में भीषण जाम की स्थिति देखने को मिली. बाजारों के आसपास सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कई जगह गाड़ियां रेंगती नजर आईं. इस वजह से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा. ऑफिस से घर लौटने वाले लोगों को भी जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा.
कई इलाकों में रहा जाम
दिवाली की खरीदारी के लिए प्रमुख बाजारों में लोगों की बड़ी भीड़ पहुंच रही है. जानकारी के मुताबिक चांदनी चौक, करोल बाग, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन और कमला नगर के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ गया है. बुधवार को इन बाजारों के आसपास ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही. आपको बता दें कि उत्तरी दिल्ली में कमला नगर से दिल्ली विश्वविद्यालय के लालबत्ती तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. वहीं, कश्मीरी गेट, हौज खास और डिफेंस कॉलोनी के आसपास भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा.
कई मुख्य सड़कें रहीं धीमी
बताया जा रहा है कि जाम का असर केवल बाजारों तक सीमित नहीं रहा. दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर भी गाड़ियों की रफ्तार थमी रही. आईटीओ, साउथ एक्सटेंशन और धौला कुआं के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. आपको बता दें कि लोधी रोड पर फ्लाईओवर के पास भी गाड़ियों का दबाव देखने को मिला. इसके अलावा एम्स से सराय काले खां के बीच बारापुला कॉरिडोर पर भी वाहन धीमी गति से आगे बढ़ते नजर आए.
ट्रैफिक पुलिस ने दी सलाह
बताया जा रहा है कि त्योहारों के दौरान बाजारों के आसपास पार्किंग की समस्या भी बढ़ गई है. बड़ी संख्या में निजी वाहन पहुंचने के कारण पार्किंग स्थल जल्दी भर रहे हैं. इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
