दिल्ली में गाड़ियों के बैन पर दायर की गई याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई की हाईकोर्ट ने गाड़ियों के बैन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है.
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को दिल्ली सरकार की उस अधिसूचना पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसमें राजधानी के बाहर पंजीकृत और बीएस-VI उत्सर्जन मानकों से नीचे के वाहनों को सर्दियों के महीनों के दौरान शहर में चलने से रोक लगा दी गई थी. आपको बता दें कि फरीदाबाद के एक वकील ने बैन के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
जानकारी के मुताबिक़ एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव साम्ब्रे और जस्टिस संजय शर्मा की डिवीजन बेंच ने कहा कि इस याचिका पर 27 नवंबर को सुनवाई होगी. उस दिन, इसी तरह का एक और मामला सुनवाई के लिए आ रहा है.
गुरमुख दास कोहली ने दी चुनौती
आपको बता दें कि गुरमुख दास कोहली नाम के वकील ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दिल्ली सरकार के पर्यावरण और वन विभाग के 23 जून, 2026 के नोटिफिकेशन के पैराग्राफ 4 को चुनौती दी है. जानकारी के मुताबिक़ यह नोटिफिकेशन एनवायरनमेंट (प्रोटेक्शन) एक्ट के तहत जारी किया गया था. इस नियम के मुताबिक, दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड और BS-VI स्टैंडर्ड से नीचे की गाड़ियों को हर साल 1 नवंबर से 31 जनवरी तक राजधानी में आने की इजाज़त नहीं है.
BS-IV गाड़ी पर भी लगी रोक
मामले को लेकर कोहली का कहना है कि उनके पास हरियाणा में रजिस्टर्ड BS-IV पेट्रोल फॉक्सवैगन पोलो है. उन्होंने कहा कि यह रोक गाड़ियों के बीच उनके रजिस्ट्रेशन की जगह के आधार पर भेदभाव करती है, न कि उनके असल एमिशन के आधार पर. उन्होंने कहा कि दिल्ली में रजिस्टर्ड एक और BS-IV गाड़ी पर ऐसी रोक नहीं है.
GRAP के खिलाफ है
जानकारी के मुताबिक़ याचिका में यह भी कहा गया कि 3 महीने की पूरी रोक रोज़ की हवा की क्वालिटी पर ध्यान दिए बिना लागू होती है और यह कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के बदले हुए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के खिलाफ है, जिसमें प्रदूषण के लेवल के आधार पर अलग-अलग पाबंदियां लगाने का प्रावधान है.
