दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खुले गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई. अब इस मामले में पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया है. राजेश से पुलिस पूछताछ कर रही है और उसके कॉल रिकॉर्ड्स भी देखे जा रहे हैं.
पुलिस ने किया सब-कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार
दिल्ली में बीते दिनों एक हादसा हुआ जिसने प्रशासन की लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है. पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खुले गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी. जिसके बाद अब इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया है. इस हादसे के बाद में लोगों के अंदर लगातार प्रशासन के खिलाफ गुस्सा देखा जा रहा है.
पुलिस ने दर्ज किया गैर-इरादतन हत्या का मामला
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और ठेकेदार के साथ दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज किया है. इस मामले में जांच को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक उस रात एक परिवार ने कमल नाम के युवक को गड्ढे में गिरते देखा था. जिसके बाद परिवार ने सुरक्षा गार्ड और पास के तंबू में रहने वाले एक व्यक्ति को इसकी जानकारी दी थी.
हादसे के समय पहुंचा था सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति
मामले की जांच में पता चला कि तंबू में रहने वाला व्यक्ति सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति का कर्मचारी है. मामले की जांच में सामने आया है कि रात के लगभग 12.22 बजे एक कर्मचारी ने प्रजापति को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद वह वहां पहुंचा, लेकिन उसने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. पुलिस ने बताया कि उसने गड्ढे में गिरी हुई मोटरसाइकिल को देखा, लेकिन फिर भी किसी तरह का कोई भी कदम नहीं उठाया.
गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ाने की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा गार्ड ने भी घटना के बाद कर्मचारी को जानकारी दी, लेकिन फिर भी किसी भी तरह का प्रयास नहीं किया गया. फिलहाल पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी है. उसके कॉल रिकॉर्ड्स भी देखे जा रहे हैं. इसी के साथ सीसीटीवी फुटेज और साइट के डॉक्यूमेंट्स को भी खंगाला जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ भी सकती है.
