राजधानी दिल्ली के जनकपुरी में स्कूल केयरटेकर ने 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था. इस मामले में अब पुलिस ने स्कूल की महिला टीचर को भी गिरफ्तार किया है.

3 साल की बच्ची से दुष्कर्म
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली घटना कुछ दिनों पहले सामने आई थी. पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में एक प्राइवेट स्कूल के केयरटेकर ने 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. अब इस मामले की जांच में एक नया मोड़ आया है. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए स्कूल की महिला टीचर को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है.
पुलिस कस्टडी में महिला टीचर
आपको बता दें कि इस मामले में पुलिस ने पहले 57 साल के स्कूल केयरटेकर को गिरफ्तार किया था. पुलिस अधिकारी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि महिला टीचर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. दरअसल पुलिस ने जांच और पूछताछ के लिए महिला टीचर की 2 दिन की पुलिस कस्टडी की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने एक दिन की मंजूरी दे दी है.
एडमिशन के दूसरे दिन हुआ रेप
मामले में की गई शिकायत में पीड़िता की मां ने महिला टीचर को भी आरोपी बताया था. जानकारी के मुताबिक यह घटना 1 मई की है. पीड़िता की मां ने इस दौरान जनकपुरी थाने में मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी. आपको बता दें कि 30 अप्रैल को बच्ची का स्कूल में एडमिशन हुआ था, जिसके अगले ही दिन 1 मई को बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया.
बच्ची ने सुनाई आपबीती
पीड़िता की मां ने बताया कि जब बच्ची घर आई तो उसने बताया कि केयरटेकर उसे सुनसान जगह पर ले गया और वहां उसके साथ गंदी हरकतें की. जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी. पुलिस ने इस मामले में स्कूल केयरटेकर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि अब इस मामले में पुलिस ने महिला टीचर को भी गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें- रात 2 बजे पहुंची बारात और खुल गया बड़ा राज! दूल्हा बदलने के आरोप में रुकी शादी; दुल्हन पक्ष ने बंधक बनाए 5 लोग
